Amravati News: घरकुल में गड़बड़ी : अभियंता जीवन आठवले होंगे बर्खास्त, केस भी होगा

घरकुल में गड़बड़ी : अभियंता जीवन आठवले होंगे बर्खास्त, केस भी होगा
  • जिप सीईओ गांधी ने दिए आदेश
  • पुराने मकान की मरम्मत कर लिया घरकुल का लाभ

Amravati News अंजनगांव सुर्जी तहसील के कुंभारगांव में छह माह से चर्चा में रहे घरकुल योजना की कथित अनियमितता मामले में जिला परिषद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यम गांधी ने अंजनगांव सुर्जी पंचायत समिति में ग्रामीण गृहनिर्माण संविदा अभियंता जीवन आठवले को बर्खास्त करने और उनके खिलाफ फौजदारी मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार शाम की गई इस कार्रवाई से अंजनगांव सुर्जी समेत जिले में हड़कंप मच गया है।

आंदोलन और शिकायत के बाद शुरू हुई जांच : कुंभारगांव के शिकायतकर्ता ज्ञानदीप बारब्दे और प्रवीण रामदास मालगे ने घरकुल योजना में कथित अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन और अनशन किया था। उनके लगातार पत्राचार के बाद पंचायत समिति स्तर पर प्राथमिक जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में ग्रामीण गृहनिर्माण अभियंता जीवन आठवले और ग्राम रोजगार सहायक की भूमिका पर गंभीर आपत्तियां दर्ज की गई थीं। गट विकास अधिकारी नक्रनाथ गो. डापके ने स्थापत्य अभियांत्रिकी सहायक संताराम महादु शिंदे को इस कार्रवाई के लिए अधिकृत किया है। उन्हें संबंधित पुलिस थाने में फौजदारी मामला दर्ज कर उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रवीण मालगे की ‘जीआरसी-74’ वर्गीकृत शिकायत के संबंध में 27 अगस्त 2026 को जिला परिषद अमरावती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के कक्ष में सुनवाई हुई। इस दौरान प्रस्तुत जांच रिपोर्ट और उपलब्ध दस्तावेजों की समीक्षा की गई। पत्र में उल्लेख है कि कुछ लाभार्थियों ने नियमानुसार नया घरकुल निर्माण करने के बजाय पुराने मकानों की मामूली मरम्मत कर योजना का लाभ लिया।


Created On :   17 Sept 2026 11:14 AM IST

Tags

Next Story