- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- 8 साल से बिना खाद्य लाइसेंस चल रही...
Amravati News: 8 साल से बिना खाद्य लाइसेंस चल रही थी हार्ट हॉस्पिटल की मेस, FDA की कार्रवाई से मचा हड़कंप

Amravati News संत अच्युत महाराज हार्ट हॉस्पिटल, मार्डी रोड स्थित मेस पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने कार्रवाई की है। रविवार को जांच में मेस बिना आवश्यक खाद्य लाइसेंस/पंजीयन के संचालित पाए जाने पर संचालक सविता पुरुषोत्तम राऊत (48) को नोटिस जारी किया गया।
जांच में मेस करीब आठ साल से बिना लाइसेंस चलने की बात सामने आई है। मेस में अस्वच्छता भी दिखाई दी। यह कार्रवाई अन्नसुरक्षा अधिकारी अदिती देशमुख ने की। एफडीए ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक दस्तावेज और शुल्क के साथ लाइसेंस/पंजीयन के लिए आवेदन करने के निर्देश दिए हैं। लाइसेंस या पंजीयन मिलने तक मेस में किसी भी प्रकार का खाद्य कारोबार नहीं करने की स्पष्ट हिदायत दी गई है। हार्ट हॉस्पिटल में उपचार के लिए आने वाले रोगियों और उनके परिजनों को इसी मेस से भोजन उपलब्ध कराया जाता था। ऐसे में खाद्य व्यवस्था बिना लाइसेंस चलने से अस्पताल प्रशासन की निगरानी पर भी सवाल खड़े हुए हैं।
मेस में भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आने का दावा किया गया है। मेस संचालक को अस्पताल के एक उच्च पदस्थ अधिकारी का संरक्षण होने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि मेस वास्तव में आठ साल से बिना लाइसेंस चल रही थी, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई और जिम्मेदारी किसकी है?
Created On :   15 Sept 2026 12:23 PM IST















