Amravati News: मेलघाट से चांदूर रेलवे तक तेंदुए का आतंक, 11 पालतू पशुओं का शिकार

मेलघाट से चांदूर रेलवे तक तेंदुए का आतंक, 11 पालतू पशुओं का शिकार
  • सिनबन में 8 बकरियां मारीं, 2 लापता; डाबका में तीन दिन में तीन पशुओं को बनाया निशाना
  • जवला धोत्रा में बकरे का शिकार, गणोजा में खेत में तेंदुआ दिखने से 25 मजदूरों में मची भगदड़
  • धारणी, चांदूर रेलवे, चांदूर बाजार और तिवसा क्षेत्र में बढ़ी सक्रियता; ग्रामीणों और पशुपालकों में दहशत

Amravati News जिले के धारणी, चांदूर रेलवे, चांदूर बाजार और तिवसा क्षेत्र में तेंदुए की बढ़ती सक्रियता से ग्रामीणों और पशुपालकों में दहशत है। मेलघाट के सिनबन में तेंदुए ने 8 बकरियों को मार डाला और 2 लापता हैं। डाबका में तीन दिन में तीन पालतू पशुओं का शिकार हुआ, जबकि जवला धोत्रा में बकरे को मार दिया। गणोजा में खेत के पास तेंदुआ दिखाई देने से किसानों में अफरा-तफरी मच गई।

सिनबन में 8 बकरियां मारीं : अति दुर्गम सिनबन में 9 सितंबर को तेंदुए ने पशुपालक अर्जुन वास्कले के 12 बकरियों के झुंड पर हमला किया। आठ बकरियां मारी गईं, जबकि दो लापता हैं।

वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिजीत ठाकरे के मार्गदर्शन में वनपाल गजानन सोलंके ने घटनास्थल का पंचनामा किया।

जवला धोत्रा में बकरा मारा : चांदूर रेलवे। जंगल कक्ष क्रमांक 340 से सटे खेत में बकरियां चर रही थीं। इसी दौरान तेंदुए ने हमला कर एक बकरे को मार दिया। वन परिक्षेत्र अधिकारी शीतल घुटे को सूचना मिलने पर टीम ने मौके का निरीक्षण किया। सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत कांबले, सरपंच भूषण गाठे और पुलिस पाटील राम सावंत भी पहुंचे।

डाबका में तीन दिन में तीन शिकार : सुसर्दा वन परिक्षेत्र के डाबका में तेंदुए ने 8 सितंबर को सुंदरलाल जावरकर की गाय और नारदू निवासी दयाराम झारेकर के बछड़े को मार डाला। 9 सितंबर को मंसाराम जांबेकर के बछड़े का भी शिकार किया। वन परिक्षेत्र अधिकारी अंजना बन्सोड के मार्गदर्शन में वन विभाग ने पंचनामा कर जांच शुरू की।

गणोजा में खेत में तेंदुआ दिखा : गणोजा खेत क्षेत्र में दोपहर को तेंदुआ दिखाई देने से किसानों और मजदूरों में भगदड़ मच गई। किसान सतीश देशमुख के अनुसार, घटना के समय करीब 25 मजदूर खेत में काम कर रहे थे। तेंदुए को देखकर सभी घबरा गए। सूचना वन विभाग को दी गई।


Created On :   10 Sept 2026 12:37 PM IST

Tags

Next Story