- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- चार अधिकारियों समेत 5 निलंबित 2...
Amravati News: चार अधिकारियों समेत 5 निलंबित 2 कंपनियों को किया ब्लैक लिस्ट

- तीन नवजातों की मौत के बाद उच्चस्तरीय जांच पूरी; स्वास्थ्य विभाग ने चार अधिकारियों समेत कर्मचारी को किया निलंबित
- वेंटिलेटर के रखरखाव में लापरवाही, फायर अलार्म-स्प्रिंकलर बंद; पंप हाउस पर भी लगा था ताला
- बच्चों को बचाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों का होगा सम्मान; कंत्राटी स्टाफ व पीडब्ल्यूडी के जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई
Amravati News अमरावती जिला महिला अस्पताल (डफरीन) के नवजात शिशु विशेष देखभाल कक्ष में 24 अगस्त को लगी आग में तीन नवजात शिशुओं की मौत के मामले में उच्चस्तरीय जांच पूरी हो गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने चार अधिकारियों और एक कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। वहीं, दो कंपनियों को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश जारी किए हैं।
जांच में सामने आया कि वेंटिलेटर की समय पर आवश्यक मरम्मत और देखभाल नहीं की गई थी। फायर अलार्म और स्प्रिंकलर सिस्टम काम नहीं कर रहे थे, जबकि फायर पंप हाउस तक पर ताला लगा हुआ था। चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव और तकनीकी जांच में भी गंभीर कमियां मिलीं। इस लापरवाही, गैर-जिम्मेदाराना रवैये और चूक के लिए अकोला परिमंडल में स्वास्थ्य उप संचालक डॉ. सुशील कुमार, डफरीन के प्रभारी निरीक्षक डॉ. विनोद पवार, अतिरिक्त जिला शल्य चिकित्सक डॉ. अरुण सालुंखे, डफरीन के प्रशासकीय अधिकारी संदीप तारगे और विद्युत तकनीशियन गोकुल राठोड़ को िनलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। कंत्राटी कर्मचारियों पर भी प्रशासनिक कार्रवाई और लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इन कंपनियों पर गिरी गाज
जांच समिति की रिपोर्ट में मेसर्स एओवी इंटरनेशनल एलएलपी को ब्लैक लिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, शिलार कंपनी की सेवाओं में भी प्रथमदृष्टया खामियां मिलने के बाद फॉरेंसिक रिपोर्ट तत्काल प्राप्त कर कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
बच्चों को बचाने वालों का होगा सम्मान
आग के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना खतरे में फंसे नवजात बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के साहस की सरकार ने सराहना की है। ऐसे अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यह भी पढ़े -स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार में अमरावती और नाशिक नगर निगम वार्ड नंबर 7 को देश के शहरों में तीसरा स्थान मिला
Created On :   10 Sept 2026 11:55 AM IST













