Amravati News: मोबाइल का लालच देकर 12 वर्षीय किशोर से करवाई चोरी, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

मोबाइल का लालच देकर 12 वर्षीय किशोर से करवाई चोरी, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
  • 90 हजार का गलाया हुआ सोना जब्त
  • गाडगेनगर पुलिस ने की कार्रवाई

Amravati News शहर में नाबालिग बच्चों को लालच देकर अपराध की दुनिया में धकेलने वाले एक मास्टरमाइंड को गाडगेनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक 12 वर्षीय किशोर को नया मोबाइल फोन दिलाने का झांसा देकर उससे घर में चोरी करवाई थी। पुलिस ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के मंगलसूत्र का गलाया हुआ सोना भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंतनु प्रदीप पवार (24, चौधरी लाइन, गाडगेनगर) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, गाडगेनगर थाना क्षेत्र के सरस्वती नगर निवासी मंगेश उत्तमराव आंबेकर के बंद मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने घर से करीब 90 हजार रुपये मूल्य का छह ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र चुरा लिया था। 1 जून 2026 को घटना सामने आने के बाद गाडगेनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गुप्त एवं तकनीकी जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक किशोर संदिग्ध रूप से घर से बाहर निकलता दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने किशोर की पहचान कर उसके माता-पिता की उपस्थिति में पूछताछ की। पूछताछ में किशोर ने बताया कि शंतनु पवार ने उसे नया मोबाइल फोन दिलाने का लालच दिया था और उसी के कहने पर उसने घर से मंगलसूत्र चुराया था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने तत्काल शंतनु पवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

शुरुआत में टालमटोल करने के बाद आरोपी ने अपना अपराध स्वीकाराा। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस उस सुनार तक पहुंची, जिसे चोरी का मंगलसूत्र बेचा गया था। सुनार द्वारा मंगलसूत्र को गलाकर सोने का गोला बना दिया गया था।

पुलिस ने वह सोना जब्त किया है। यह कार्रवाई गाडगेनगर थानेदार गोरखनाथ जाधव, डीबी पथक प्रमुख पीएसआई योगेश श्रीवास तथा पुलिस कर्मी भारत वानखड़े, नंदकिशोर करोची, राजेश गुरेले, सुशांत प्रधान, धनराज कुमरे, महेश शर्मा और बलीराम गायकवाड़ की टीम ने अंजाम दी।

Created On :   22 Jun 2026 3:12 PM IST

Tags

Next Story