- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- शिक्षकों की भर्ती में भी गड़बड़ी का...
Amravati News: शिक्षकों की भर्ती में भी गड़बड़ी का आरोप, ड्रेस, डेस्क-बेंच, पोषण आहार खरीदी में घपला

Amravati News अमरावती महानगर पालिका के शिक्षा विभाग में वर्ष 2022 से 2026 के दौरान सामग्री खरीदी समेत विभिन्न कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता और संभावित घोटाले के आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में शिवसेना ( शिंदे ) के उपजिला प्रमुख सुनील केने ने 23 फरवरी को राज्य के शालेय शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग से शिकायत की थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। सरकार के कक्ष अधिकारी अरुण जाधव ने 11 मार्च को निगमायुक्त सौम्या शर्मा , विभागीय शिक्षण उपसंचालक कार्यालय को पत्र जारी कर पूरे मामले की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिक्षा अधिकारी प्रकाश मेश्राम के कार्यकाल में सामग्री खरीदी के अलावा शिक्षक भर्ती, विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म की खरीद, स्कूलों के लिए डेस्क-बेंच की खरीद, शालेय पोषण आहार वितरण , सेवानिवृत्त शिक्षकों के लंबित क्लेम जैसे मामलों में गंभीर अनियमितताएं बरती गईं। शिकायतकर्ता ने इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
निरीक्षकों की नियुक्ति में भी अनियमितता : शिकायतकर्ता सुनील केने ने आरोप लगाया है कि अधिकांश अनियमितताएं मनपा के पूर्व निगमायुक्त डॉ. प्रवीण आष्टीकर के कार्यकाल में हुईं। उनके अनुसार इसी दौरान अंतरजिला तबादलों में नियमों की अनदेखी की गई और सेवा वरिष्ठता सूची में अन्य अधिकारी का क्रमांक होने के बावजूद प्रकाश मेश्राम को पदोन्नति देकर शिक्षा अधिकारी बनाया गया। साथ ही शाला निरीक्षकों की नियुक्ति में भी अनियमितता बरतने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि जांच शुरू होने के बाद शिक्षा विभाग में हुए कथित घोटाले के कई और पहलू उजागर हो सकते हैं। अब इस मामले में प्रशासनिक कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
Created On :   17 March 2026 4:29 PM IST














