- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- अनूपपुर
- /
- 91 लाख की साइबर ठगी में कानपुर से...
अनूपपुर न्यूज: 91 लाख की साइबर ठगी में कानपुर से एक और आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क अनूपपुर। क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में निवेश कर अच्छा रिटर्न दिलाने का लालच देकर 91 लाख रुपए की साइबर धोखाधड़ी के मामले में जैतहरी पुलिस ने एक और आरोपी को उत्तर प्रदेश के कानपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भोला सिंह (46), पिता चन्द्रपाल सिंह, निवासी बगाई भट्टा, टीपी नगर, जिला कानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अनूपपुर न्यायालय में पेश किया। मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, जैतहरी निवासी राकेश कुमार अग्रवाल ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कराने और अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर कुल 91 लाख रुपए की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर जैतहरी पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने फरियादी की 34 लाख रुपए की राशि होल्ड कराई। वहीं, अनूपपुर न्यायालय के सुपुर्दगी आदेश के पालन में अब तक 14 लाख रुपए से अधिक की राशि फरियादी के बैंक खाते में वापस कराई जा चुकी है। शेष राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया जारी है।
दो आरोपी भोपाल जेल में निरुद्ध
पुलिस ने इस मामले में पूर्व में यश तोमर और शानू उर्फ शुभम दुआ को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपी वर्तमान में जिला जेल भोपाल में निरुद्ध हैं। विवेचना के दौरान 9 अक्टूबर 2026 को फरार आरोपी भोला सिंह को कानपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
Created On :   12 Oct 2026 6:44 PM IST











