- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- बड़ा मल्हेरा
- /
- अबार माता मंदिर में चोरी की नाकाम...
बड़ामलहरा न्यूज: अबार माता मंदिर में चोरी की नाकाम कोशिश चौकीदारों ने दौड़कर पकड़ा बदमाश,
डिजिटल डेस्क बड़ामलहरा/अनुविभाग के प्रसिद्ध आस्था के केंद्र अबार माता मंदिर में बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। हालांकि, मंदिर सुरक्षा में तैनात चौकीदारों की तत्परता और जांबाजी से चोरों के मंसूबों पर पानी फिर गया। चौकीदारों ने एक चोर को रंगे हाथों धर दबोचा.जिसके पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की दरमियानी रात कोई 2:00 बजे अज्ञात बदमाशों ने मंदिर के पिछले गेट का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया। शटर कटने की आवाज सुनते ही ड्यूटी पर मुस्तैद दो चौकीदार तुरंत मौके की ओर दौड़े। आहट पाते ही बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद चौकीदारों व ग्रामीणों ने पीछा कर एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपी की जब तलाशी ली गई, तो उपस्थित लोगों के होश उड़ गए। बदमाश के पास से चोरी किए गए सामान के साथ-साथ एक अवैध कट्टा (तमंचा) और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए। चौकीदारों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आरोपी को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया।
मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों में यह पूरी सनसनीखेज घटना रिकॉर्ड हो गई है।
फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि किस तरह बदमाश औजारों की मदद से शटर काट रहे थे।
पुलिस ने CCTV फुटेज को अपने कब्जे में लेकर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है और फरार साथियों की तलाश में जुट गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार सुबह रामटौरिया चौकी प्रभारी राज कपूर बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
चौकी प्रभारी का बयान:
"घटना में शामिल आरोपियों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वारदात को अंजाम देने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भी जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे।"
इस घटना के बाद से ही श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि अबार माता मंदिर में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस व प्रशासन द्वारा कोई ठोस सुरक्षा इंतज़ाम नहीं किए गए।
ग्रामीणों की मुख्य मांगें
मंदिर परिसर में 24 घंटे पुलिस सुरक्षा बल की तैनाती की जाए।
CCTV कैमरों और नाइट पेट्रोलिंग की सीमा बढ़ाई जाए।
स्थानीय निवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम नहीं किए गए, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
Created On :   7 Aug 2026 4:34 PM IST











