बालाघाट न्यूज: देवस्थल पर उमड़ी आस्था, रस्मों के साथ हुआ परंपरा का निर्वहन

भास्कर न्यूज बालाघाट.
दीपोत्सव के पांचवे दिन मंगलवार को जिलेभर के गांव-गांव में गाय खिलाने की रस्म आस्था पूर्वक निभाई गई। 10 नवंबर को बालाघाट मुख्यालय में बस स्टैंड स्थित देव स्थल आखर मैदान में गोवारी समाज, यादव अहीर समाज के द्वारा भक्तिभाव के साथ गोवर्धन पूजन किया गया। इसके इतर, उपनगरीय क्षेत्र सरेखा में 11 नवंबर को अहीर यादव, गोवारी समाज द्वारा गाय खिलाए जाने की रस्म निभाई जाएगी। देव स्थल पर गोवारी, यादव, अहीर समाज द्वारा विशेष पूजा-अर्चना की गई। किसान और पशु पालकों द्वारा शहर एवं गांव के आखरदान मैदान में स्थित देवस्थल पर श्रीफल चढ़ाकर पूजा अर्चना कर पर्वतराज गोवर्धन महाराज से सुख-समृद्धि की कामना की गई।
बच्चें के दीर्घायु की कामना
बतादें कि बालाघाट जिले में प्राचीन परंपरा अनुसार दुधमुंहे बच्चे को गोवर्धन पर सुलाकर स्वस्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। इस मौके पर उत्सव के उत्साह के बीच रंग-बिरंगी वेशभूषा में गोवारी, यादव समाज के लोगों ने मांदर की थाप और डपली के साथ उत्साह पूर्वक नृत्य कर ब्रजरस के राग से दिवाली के गीत गाकर इस पर्व अवसर का स्वागत किया।
माथे पर लगाया गोबर का तिलक
दीपोत्सव के महापर्व में गोवर्धन पूजा गांव एवं शहर के आखरदान मैदान में पंरपरा अनुसार की गई। यहां एक अनूठी परंपरा है, जिसका कई पीढिय़ों से लोग निर्वहन कर रहे हैं। बच्चों को गोवर्धन पर सुलाकर जहां गोबर से माथे पर तिलक लगाया गया। वहीं इस निराली परंपरा को देखने के लिए लोगों का दिन भर हुजूम भी लगा रहा। सभी ग्रामों में दिनभर इस त्योहार की धूम रही।
ये हैं मान्यता
बुजुर्गों का कहना हैं कि धार्मिक-पौराणिक मान्यता है कि इस दिन दुधमुंहे बच्चे को आखरदान में सुलाने से उन पर किसी भी प्रकार से आसुरी शक्ति की छाया नहीं पड़ती है। यही वजह है कि इस रस्म को लेकर माताएं-बहनें अपने दुधमुंहे बच्चे को लेकर आखरदान देवस्थल पहुंचती हैं, जहां पर बांस के नए सूपे में बच्चों को रखा जाता है,जिसे कुछ पल के लिए गोवर्धन पर सुलाया जाता है।
दिवाली की रात में निभाई थी गांव बांधने की रस्म
दूसरी तरफ इस आयोजन के पौराणिक महत्व को लेकर धर्मावलंबियों द्वार दिवाली की रात में गांव बांधने की रस्म निभाई गई थी। एक विशेष प्रकार की वनस्पति जिसे बालाघाट जिले की संस्कृति में धर्मावलंबी डार के नाम से संबोधित करते हैं, उसे लेकर घर-घर दस्तक दी गई थी। डार की पूजा कर धर्मावलंबियों का तिलक कर सम्मान किया गया और गांव बांधने की रस्म निभाई गई।
आखर मैदान में लगा गौवंश का मेला
इस पावन अवसर पर दोपहर में नगरीय क्षेत्र के अलावा ग्रामीण अंचलों में भक्तिभाव के साथ गाय को रंगों से सजाकर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गो का भ्रमण करते हुए आखरदान मैदान पहुंची, जहां पर विशेष पूजा अर्चना के बाद गाय खिलावन की रस्म निभाई गई। गाय के बछड़े को पकडक़र जहां धर्मावलंबियों द्वारा यह रस्म निभाई गई, वहीं गाय के बछड़े को पकडक़र रखे जाने के दौरान गाय मैदान में रंभाते हुए उछल-कूद करते रही। इस दौरान भक्ति में लीन भक्तजनों को हाथ पैर में मामूली चोटें भी आईं, लेकिन आस्था के सामने ये चोटें नाकाफी थीं।
आस्था से जुड़ा है यह कार्यक्रम
मंगलवार को जिले भर में गाय खिलावन की रस्म गोवारी समाज, अहीर यादव समाज, ग्वालवंशियों के द्वारा निभाई गई। आस्था से जुड़ा यह कार्यक्रम आखरदान मैदान में संपन्न कराया गया। जिसे जिले की संस्कृति में खिलियामुठिया के नाम से भी जाना जाता है। जिलेभर में सुबह 11 बजे से शुरू हुआ यह आयोजन अपरान्ह तक जारी रहा। इस कार्यक्रम में धर्मावलंबी गोवारी समाज, अहीर यादव, ग्वालवंशी समाज के द्वारा आराध्य देव की विशेष पूजा अर्चना की गई।
मंडई का दौर शुरु
गाय खिलाने की रस्म निभाने के साथ ही गांव-गांव में मंडई का दौर शुरु हो गया है। पहले दिन जिला मुख्यालय के करीब कोसमी में मंडई का आयोजन किया गया। इसी प्रकार अन्य ग्रामीण अंचलों में भी मंडई भराई गई। मंडई का यह सिलसिला पन्द्रह दिनों तक जारी रहेगा। इस अवसर पर रात्रि में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी संपन्न कराए जाते है।
कटंगी के नांदी गांव में भी हुआ आयोजन
जिले के तहसील क्षेत्र कटंगी अंतर्गत नांदी में भी आयोजन किया गया। मंगलवार को पारंपरिक तौर पर गाय खिलाने की रस्म श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ निभाई गई। इस अवसर पर गांव के गोठान में ग्रामीणों की खासी भीड़ जुटी। ग्रामीणों ने एकत्रित होकर गौवंश की पूजा-अर्चना की तथा परंपरानुसार गाय खिलाने की रस्म पूरी की। ग्राम नांदी में गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित इस परंपरागत कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने पूरे श्रद्धाभाव से इस धार्मिक परंपरा में सहभागिता निभाई।
Created On :  
