- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- बालाघाट
- /
- बाघ की दहशत: सडक़ पर विचरण करते आया...
परसवाड़ा न्यूज: बाघ की दहशत: सडक़ पर विचरण करते आया नजर

भास्कर न्यूज,परसवाड़ा,बालाघाट.
जिले के परसवाड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शेरपार-खरपडिय़ा मार्ग पर बाघ के विचरण करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने बाघ की तस्वीर सोशल मीडिया में कैद की है। ग्रामीणों का कहना है कि दो दिन के भीतर बाघ द्वारा दो बैलों मवेशी का शिकार किया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी, लेकिन वन विभाग द्वारा बाघ को पकडऩे के लिए अब तक रेस्क्यू शुरु नहीं किया गया है, जिससे ग्रामीणजनों के बीच दशहत बनी हुई है।
रेस्क्यू में लापरवाही
ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग को सूचना देने के बावजूद संबंधित बीट गार्ड ने तत्काल मौके पर पहुंचने के बजाए बारिश और खराब मौसम का हवाला देकर कार्रवाई अगले दिन तक टाल दी। शेरपार निवासी टीकम राहंगडाले ने बताया कि उनके खेती के अधियादार के एक बैल का बाघ ने शिकार कर लिया था। इसका तत्काल पता नहीं चल सका। शाम को दोबारा एक बैल का शिकार किए जाने की जानकारी मिली। मकान के पास बैल का शव मिलने के बाद उन्होंने वन विभाग को सूचना दी।
बीटगार्ड ने खराब मौसम का दिया हवाला
ग्रामीण टीकम राहंगडाले के अनुसार घटना की जानकारी संबंधित बीट गार्ड को फोन पर दी गई। आरोप है कि बीट गार्ड ने मौके पर तत्काल आने के बजाए कहा कि मौसम खराब है और बारिश हो रही है, इसलिए सुबह कार्रवाई की जाएगी। बाद में सहायक परिक्षेत्र अधिकारी को सूचना दी गई, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे।
15 दिनों से हैं मूवमेंट
ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब 15 दिनों से परसवाड़ा के आसपास के वनांचल गांवों में बाघ की लगातार चहलकदमी हो रही है। शाम के समय ग्रामीणों को परसवाड़ा मुख्यालय से अपने गांवों की ओर जाने में भी डर लग रहा है। अब आबादी के नजदीक मवेशियों के शिकार की घटना ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।
Created On :   2 Sept 2026 7:53 PM IST












