Beed News: बीड में कलयुगी बेटे-बेटी ने प्रॉपर्टी के लिए बुजुर्ग माता -पिता पर किया जानलेवा हमला

बीड में कलयुगी बेटे-बेटी ने प्रॉपर्टी के लिए बुजुर्ग माता -पिता पर किया जानलेवा हमला
घायलों का जिला सरकारी अस्पताल में उपचार जारी

Beed News बीड जिले के पेठ बीड क्षेत्र में संपत्ति और प्रॉपर्टी के विवाद को लेकर रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। माऊली नगर निवासी वृद्ध वैजनाथ नामदेव गुंजाळ पर उनके ही बेटे, बहू और बेटी द्वारा कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में वैजनाथ गुंजाळ गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका कान कट गया, जिस पर चार टांके लगाने पड़े हैं।इस मामले में 29 मई को रात के समय पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया।

जानकारी के अनुसार, वैजनाथ गुंजाळ के बेटे कृष्णा वैजनाथ गुंजाळ, बहू ज्योति कृष्णा गुंजाळ तथा बेटी ज्योति विटेकर कथित रूप से मकान अपने नाम करने की मांग कर रहे थे। इसी विवाद को लेकर 26 मई को परिवार में विवाद बढ़ गया और आरोप है कि तीनों ने मिलकर वैजनाथ गुंजाळ तथा उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे बेटे शंकर गुंजाळ और उनकी पत्नी को भी कथित रूप से पीटा गया।

पीड़ित वैजनाथ गुंजाळ का आरोप है कि उनके बेटे कृष्णा ने चाकू से हमला किया, जिससे उनके कान पर गंभीर चोट लगी और कान कट गया। फिलहाल उनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि पिछले कई दिनों से मकान अपने नाम कराने के लिए उन्हें और उनकी पत्नी को धमकियां दी जा रही थी।

पीड़ित परिवार के अनुसार, 25 मई को इसी विवाद के चलते छोटे बेटे शंकर गुंजाळ के साथ भी मारपीट की गई थी और अगले ही दिन 26 मई को वैजनाथ गुंजाळ पर जानलेवा हमला कर दिया गया। वैजनाथ गुंजाळ ने जिला पुलिस अधीक्षक को दिए गए निवेदन में कहा है कि उन्हें अपने बेटे, बहू और बेटी से जान का खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक प्रभावशाली लोग भी आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।

घटना पेठ बीड पुलिस थाना क्षेत्र के माऊली नगर, सारडा जिनिंग के सामने स्थित सर्वे नंबर 150 में हुई। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद भी पुलिस ने उनका विस्तृत बयान दर्ज नहीं किया है और अब तक उचित कार्रवाई नहीं हुई है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि संपत्ति और पैसों के लिए पारिवारिक रिश्ते किस हद तक टूटते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।


Created On :   30 May 2026 6:34 PM IST

Tags

Next Story