- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- बीड
- /
- उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार का...
शान से लहराया तिरंगा: उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार का आह्वान, ‘स्वस्थ, शिक्षित, समृद्ध और सुरक्षित जिला बनाने में सभी दें योगदान

Nagpur News. शिक्षा के साथ स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए ‘स्वस्थ, शिक्षित, समृद्ध और सुरक्षित बीड’ बनाने का संकल्प लिया गया है। इस संकल्प को साकार करने के लिए जिले के सभी नागरिक सहयोग करें, यह आह्वान राज्य की उपमुख्यमंत्री एवं बीड जिले की पालकमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने किया। जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य शासकीय ध्वजारोहण समारोह में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी विवेक जॉन्सन, पुलिस अधीक्षक नवनीत काँवत, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितीन रहमान, प्रशिक्षु जिलाधिकारी दिव्यांक गुप्ता, विधायक विजय सिंह पंडित, नगराध्यक्ष प्रेमलता पारवे सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे। अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री पवार ने कहा कि राज्य की उपमुख्यमंत्री और बीड जिले की पालकमंत्री के रूप में यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि बीड जिला विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। भारत आज दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों में मजबूती से खड़ा है। कृषि से अंतरिक्ष तक, शिक्षा से तकनीक तक और उद्योग से डिजिटल क्रांति तक देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के त्याग को याद किया। साथ ही मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम में योगदान देने वाले सभी मुक्ति सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। स्वतंत्रता की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले सैन्य बल, अर्धसैनिक बल और पुलिस जवानों को भी उन्होंने नमन किया।
96 हजार से अधिक किसानों को 711 करोड़ का लाभ
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के विकास की रीढ़ किसान हैं और सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना’ के तहत बीड जिले के 96 हजार से अधिक किसानों के खातों में 711 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं। अगले चरण में अन्य किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा। इसके लिए किसानों से तत्काल एग्रीस्टैक पंजीकरण और आधार प्रमाणीकरण कराने की अपील उन्होंने की। वर्ष 2025-26 में बेमौसम बारिश और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए सरकार ने 1,459 करोड़ रुपये का अनुदान मंजूर किया है। अब तक 9 लाख 22 हजार 362 प्रभावित किसानों को डीबीटी के माध्यम से 634 करोड़ रुपये का अनुदान वितरित किया जा चुका है।
यह भी पढ़े -'रणनीतिक रूप से ज्यादा बेहतर', दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी से भिड़ने से पहले बोले आयुष शेट्टी
आष्टी सिंचाई परियोजना से 8,147 हेक्टेयर क्षेत्र होगा सिंचित
आष्टी उपसा सिंचाई परियोजना से तालुका के किसानों के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव आएगा। इस योजना के माध्यम से 1.68 टीएमसी पानी उपलब्ध होगा और आष्टी तालुका के 26 गांवों की 8,147 हेक्टेयर भूमि सिंचाई के दायरे में आएगी। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुधाकरराव नाईक की जयंती के अवसर पर 15 से 21 अगस्त तक राज्य में जलसंधारण सप्ताह मनाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से बीड जिले को अधिक समृद्ध, हरित और जलसमृद्ध बनाने का संकल्प लेने की अपील भी उन्होंने की।
जिले के विकास के लिए 623 करोड़ की नियोजन निधि
जिले के सर्वांगीण विकास के लिए इस वर्ष 623 करोड़ रुपये की जिला नियोजन निधि उपलब्ध हुई है। इस निधि से जिले की आवश्यकताओं के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य किए जाएंगे। महाराष्ट्र राज्य सेवा अधिकार कानून के क्रियान्वयन में भी बीड जिले ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। वर्ष 2025-26 में प्राप्त करीब 6 लाख 88 हजार आवेदनों में से 99 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का समय पर निपटारा किया गया। इस उपलब्धि के लिए जिलाधिकारी विवेक जॉन्सन का सरकार की ओर से विशेष सम्मान किया गया।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर
जिला अस्पताल में अत्याधुनिक 10 बिस्तरों का हृदय रोग विभाग तथा महिलाओं के लिए 100 बिस्तरों का माता-बाल देखभाल केंद्र स्थापित किया गया है। वडवणी तालुका के चिंचवण गांव में नए ग्रामीण अस्पताल भवन का लोकार्पण भी किया जा रहा है। गन्ना कटाई मजदूरों के स्वास्थ्य के लिए ‘मिशन साथी’ अभियान चलाया जा रहा है। आयुष्मान भारत तथा महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना के तहत लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं। बीड शहर में गन्ना कटाई मजदूरों के बच्चों के लिए बनाया गया ‘संत भगवानबाबा बच्चों का शासकीय छात्रावास’ महाराष्ट्र में इस वर्ग के बच्चों के लिए पहला छात्रावास है।
यह भी पढ़े -नागपुर एयरपोर्ट पर साढ़े तीन साल में 15 किलो सोना जब्त, तस्करी के 14 मामले दर्ज, 7 आरोपी गिरफ्तार
बीड-पुणे रेलवे परियोजना को गति
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बीड-पुणे रेलवे परियोजना जिले के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिवस तक रेल सेवा को पुणे के हडपसर तक ले जाने के लिए प्रयास जारी हैं। टाटा टेक्नोलॉजीज और एमआईडीसी के संयुक्त तत्वावधान में 196 करोड़ रुपये की लागत से कौशल संवर्धन केंद्र (CIIIT) का काम अंतिम चरण में है। वहीं, परली वैजनाथ ज्योतिर्लिंग तीर्थक्षेत्र के विकास के लिए 301 करोड़ रुपये के संशोधित विकास आराखड़े को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है।
परली में 565 करोड़ से बनेगा पशु चिकित्सा महाविद्यालय
परली में 41 हेक्टेयर क्षेत्र में 565 करोड़ रुपये की लागत से पशु चिकित्सा महाविद्यालय बनाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किया जा रहा है। यह महाविद्यालय जिले के किसानों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, ऐसा विश्वास उपमुख्यमंत्री ने व्यक्त किया।
कुश्ती और खेल सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
ओलंपिक पदक विजेता स्वर्गीय खाशाबा जाधव चषक राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन इस वर्ष बीड जिले में किया जाएगा। बीड के क्रीड़ा संकुल के विकास के लिए 25 करोड़ रुपये की निधि मंजूर की गई है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बीड को प्रत्येक क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाकर समृद्ध, सक्षम और सुरक्षित बनाने का संकल्प है। पाटोदा तहसील की जरेवाड़ी जिला परिषद स्कूल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उत्कृष्ट उदाहरण है। इसी तर्ज पर बीड जिले की शैक्षणिक व्यवस्था को और गतिशील बनाया जाएगा।
स्वतंत्रता सेनानियों से मुलाकात, रक्तदान शिविर का उद्घाटन
कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नागरिकों से भी मुलाकात कर स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।इसके बाद उपमुख्यमंत्री सहायता कक्ष तथा मुख्यमंत्री धर्मादाय अस्पताल सहायता कक्ष की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर का उन्होंने उद्घाटन किया। जिला शल्य चिकित्सक एवं जिला अस्पताल की ओर से इस शिविर का आयोजन किया गया था।
Created On :   16 Aug 2026 5:16 PM IST










