समीक्षा बैठक: मंत्री भरत गोगावले ने कहा - अधूरे कार्य तत्काल पूरे करें, बीड में रोजगार गारंटी योजना को मिलेगी गति

मंत्री भरत गोगावले ने कहा - अधूरे कार्य तत्काल पूरे करें, बीड में रोजगार गारंटी योजना को मिलेगी गति
  • इमामपुर में पाणंद सड़क कार्यों का निरीक्षण
  • रोजगार गारंटी योजना को नई संरचना के तहत अधिक प्रभावी बनाया जाएगा

Beed News. महाराष्ट्र के रोजगार गारंटी योजना, बागवानी एवं खारभूमि विकास मंत्री भरत गोगावले ने जिले में रोजगार गारंटी योजना के तहत अधूरे पड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर कार्यालय के जिला नियोजन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पूर्व विधायक संगीता ठोंबरे, जिलाधिकारी विवेक जॉनसन, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितीन रहेमान, प्रशिक्षु जिलाधिकारी दिव्यांक गुप्ता, उपजिलाधिकारी प्रभोदय मुले समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

मंत्री गोगावले ने कहा कि रोजगार गारंटी योजना को नई संरचना के तहत अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। इसके लिए पुराने एवं अधूरे सभी कार्यों को नई प्रणाली में शामिल कर प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया। साथ ही संविदा कर्मचारियों की शिकायतों एवं मांगों से संबंधित रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रोजगार गारंटी योजना में 318 नए कार्य शामिल किए गए हैं। मजदूरों की दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 317 रुपए कर दी गई है तथा उन्हें वर्ष में 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। यदि किसी जॉब कार्डधारक को काम नहीं मिलता है, तो नियमानुसार उसे बेरोजगारी भत्ता भी दिया जाता है।

मंत्री गोगावले ने बीड जिले में रेशम उत्पादन के लिए शहतूत की खेती की सराहना करते हुए अधिकारियों से सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के मजदूरों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सभी समूह विकास अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नए कार्य तत्काल शुरू करें और इनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी न होने दें।

इमामपुर में पाणंद सड़क कार्यों का निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद मंत्री भरत गोगावले ने इमामपुर गांव में रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत चल रहे पाणंद (खेत संपर्क) मार्गों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ये सड़कें किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश भी उन्होंने दिए।

Created On :   14 Aug 2026 4:19 PM IST

Tags

Next Story