उबाल: सीआईडी को विलास घुले हत्याकांड की जांच, सांसद के बेटे पर लगे आरोपों से मामला गरमाया

सीआईडी को विलास घुले हत्याकांड की जांच, सांसद के बेटे पर लगे आरोपों से मामला गरमाया
  • बुधवार से अनशन पर घुले परिवार
  • निष्पक्ष जांच और अन्य आरोपियों पर कार्रवाई की मांग तेज

Beed News. महाराष्ट्र के बीड जिले की केज तहसील के टाकली गांव में हुए चर्चित विलास घुले हत्याकांड की जांच अब अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) को सौंप दी गई है। राज्य सरकार के इस निर्णय से लंबे समय से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे घुले परिवार को राहत मिली है। मामले की जांच अब सीआईडी की विशेष टीम करेगी।

21 जून को हुई थी हत्या

टाकली निवासी विलास घुले की 21 जून को चाकू से कई वार कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद केज पुलिस थाने में मामला दर्ज हुआ और पुलिस ने मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, पीड़ित परिवार शुरू से ही जांच पर सवाल उठाता रहा है।

सांसद के बेटे पर भी लगाए गए आरोप

घुले परिवार ने बीड के सांसद बजरंग सोनवणे के बेटे सौरभ सोनवणे पर भी हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। परिवार की मांग है कि उन्हें सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया जाए। इस मांग को लेकर टाकली गांव में कई बार प्रदर्शन, मोर्चे और आंदोलन किए गए। स्थानीय पुलिस की जांच पर भी सवाल उठाए गए और निष्पक्ष जांच की मांग की गई।

सीआईडी करेगी नए सिरे से जांच

मामले की गंभीरता और लगातार उठ रही मांगों को देखते हुए राज्य सरकार ने जांच सीआईडी को सौंपने का निर्णय लिया है। सीआईडी की विशेष टीम पूरे मामले की नए सिरे से समीक्षा करेगी और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित लोगों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई करेगी।

बुधवार से अनिश्चितकालीन अनशन

घुले परिवार ने बुधवार से बीड जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन अनशन करने की घोषणा की है। परिवार की मांग है कि सौरभ सोनवणे, बालाजी सोनवणे सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। अनशन शुरू करने से पहले मंगलवार को परिवार श्रीक्षेत्र नारायण गढ़ और श्रीक्षेत्र भगवानगढ़ में दर्शन के लिए रवाना हुआ।

परिवार के सदस्य रमेश घुले ने कहा कि घटना के बाद उनके भाई ने उन्हें पूरी जानकारी दी थी और इस संबंध में पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है। उनका कहना है कि सीआईडी जांच शुरू करने से पहले अधिकारियों को परिवार का पक्ष भी सुनना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक अनशन जारी रहेगा।

Created On :   4 Aug 2026 7:50 PM IST

Tags

Next Story