- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- बीड
- /
- गन्ने के खेत में उगाई जा रही थी...
Beed News: गन्ने के खेत में उगाई जा रही थी गांजे की फसल, 19.49 लाख का माल जब्त

Beed News धारूर पुलिस ने बीड जिले के काटेवाड़ी गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए गन्ने के खेत में अवैध रूप से उगाई जा रही गांजे की फसल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 97 किलो 472 ग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 19 लाख 49 हजार 440 रुपये बताई गई है। मामले में किसान तुकाराम दत्तात्रय गोरे (निवासी काटेवाड़ी) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 की रात करीब 10:10 बजे सूचना मिली थी कि काटेवाड़ी स्थित गट नंबर 37 में गन्ने की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर धारूर पुलिस ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए संबंधित खेत पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने खेत से गांजे के हरे पौधे, पत्तियां, फूल, फल, तने, कलियां तथा मिट्टी सहित उखाड़े गए पौधे जब्त किए। बरामद गांजे का कुल वजन 97 किलो 472 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 19 लाख 49 हजार 440 रुपये आंकी गई है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने बिना किसी वैध अनुमति के आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गन्ने की फसल के बीच गांजे की खेती की थी। पुलिस को यह भी संदेह है कि गांजा स्वयं सेवन के साथ-साथ बिक्री के उद्देश्य से भी उगाया जा रहा था।
इस मामले में 29 जुलाई 2026 को तड़के 4:53 बजे धारूर पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 20 एवं 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Created On :   29 July 2026 4:15 PM IST















