Beed News: पालकी की भीड़ में श्रद्धालुओं के गहनों पर चोरों का हाथ साफ, तीन आरोपी गिरफ्तार

पालकी की भीड़ में श्रद्धालुओं के गहनों पर चोरों का हाथ साफ, तीन आरोपी गिरफ्तार
  • 6 लाख के सोने के आभूषण बरामद
  • पालकी यात्रा में श्रद्धालुओं को बनाया था निशाना

‌Beed News श्री गजानन महाराज पालकी के दौरान दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी करने वाले तीन आरोपियों को स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 59 ग्राम वजन के लगभग 6 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं।

पालकी के दौरान हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में अंबाजोगाई शहर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। इनमें अपराध क्रमांक 290/2026 और 293/2026 शामिल हैं। इन मामलों की समानांतर जांच करते हुए एलसीबी ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।

जांच के दौरान अपराध क्रमांक 290/2026 में चोरी हुई 48 ग्राम वजन की सोने की चेन बरामद की गई। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल संजय हातागळे (28) और दत्ता विजय गायकवाड (26), दोनों निवासी गांधीनगर, नाळवंडी रोड, बीड, के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन चोरी करने की बात स्वीकार की।

इसी तरह अपराध क्रमांक 293/2026 में चोरी हुआ 11 ग्राम वजन का सोने का मिनी गंठण (मंगलसूत्र) आरोपी अशोक बबन जाधव (29), निवासी शास्त्रीनगर, नाळवंडी रोड, बीड, के कब्जे से बरामद किया गया।

एलसीबी की कार्रवाई में दोनों मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए कुल 59 ग्राम वजन के सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये है, जब्त किए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच अंबाजोगाई शहर पुलिस कर रही है।


Created On :   17 July 2026 4:48 PM IST

Tags

Next Story