हड़कंप: पगडंडी की मांग को लेकर दो किसानों ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

पगडंडी की मांग को लेकर दो किसानों ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
  • पगडंडी की मांग कर उपविभागीय अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय के सामने आत्मदाह का प्रयास
  • पुलिस की सतर्कता और समय रहते हस्तक्षेप के कारण बड़ा हादसा टल गया

Beed News. माजलगांव तहसील के सादोला गांव के दो किसानों ने खेत तक जाने के लिए पगडंडी की मांग कर उपविभागीय अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय के सामने आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि पुलिस की सतर्कता और समय रहते हस्तक्षेप के कारण बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, सादोला गांव के गट नंबर 170 से गुजरने वाली पगडंडी पर हुए अतिक्रमण को हटाकर रास्ता चालू करने की मांग किसान किशोर एरंडे और भागवत एरंडे लंबे समय से प्रशासन से कर रहे थे। किसानों का आरोप है कि भूमि अभिलेख के नक्शे में रास्ता दर्ज होने के बावजूद गलत पंचनामा तैयार कर मार्ग खोलने से इनकार किया जा रहा है।

प्रशासन द्वारा उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिए जाने से नाराज दोनों किसान मंगलवार (14 जुलाई) सुबह माजलगांव स्थित उपविभागीय अधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान एक किसान ने अपने ऊपर डीजल उड़ेल लिया, जबकि दूसरे ने जहरीली दवा पीने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों को रोक लिया और अपने कब्जे में ले लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद उपविभागीय अधिकारी कार्यालय परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा।


Created On :   14 July 2026 6:32 PM IST

Tags

Next Story