- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- बीड
- /
- पत्नी के मायके से लौटने से इनकार पर...
घरेलु विवाद: पत्नी के मायके से लौटने से इनकार पर सनकी पिता का खौफनाक कदम, दो मासूम बेटियों को जिंदा जलाने की कोशिश - मामला दर्ज

Beed News. माजलगांव तहसील के टालेवाड़ी गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पिता ने अपनी ही दो मासूम बेटियों को जिंदा जलाने का प्रयास किया। पत्नी के मायके से वापस आने से इनकार करने पर गुस्साए आरोपी ने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि, परिजनों की सतर्कता से समय रहते बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आश्विनी महेश सोमासे (33, निवासी टालेवाड़ी, ता. माजलगांव) ने माजलगांव ग्रामीण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके और उनके पति महेश विष्णू सोमासे के बीच अक्सर घरेलू विवाद होते रहते थे। इसी कारण वे पिछले कुछ दिनों से अपने मायके लहामेवाड़ी में रह रही थीं।
यह भी पढ़े -धारूर में नशे में धुत युवकों का हंगामा, पुलिस उपनिरीक्षक पर पथराव, पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
इसी दौरान महेश सोमासे लहामेवाड़ी पहुंचा और पत्नी को अपने साथ चलने के लिए दबाव बनाने लगा। मना करने पर वह गुस्से में अपनी दोनों बेटियों मृणाल (5 वर्ष) और मृणमय (4 वर्ष)—को जबरन साथ ले गया और धमकी दी कि यदि पत्नी उसके साथ नहीं आई, तो वह बच्चियों को जला देगा।
बताया जा रहा है कि 2 मई को वह फिर बेटियों को लेकर लहामेवाड़ी पहुंचा और पत्नी पर साथ चलने का दबाव बनाने लगा। आश्विनी ने गांव के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में समझौता बैठक करने की बात कही, लेकिन आरोपी ने गुस्से में अपने बैग से डीजल का कैन निकाला और बच्चियों पर डीजल डालकर आग लगाने की कोशिश की।
यह भी पढ़े -वित्त वर्ष 2026 में भारत का नेट डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 5.12 प्रतिशत बढ़कर 23.4 लाख करोड़ रुपए हुआ
इस दौरान आश्विनी और उनकी मां ने शोर मचाया, जिस पर रिश्तेदार आसाराम तान्हेबा चिंचोलकर ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए आरोपी के हाथ से डीजल का कैन और माचिस छीन ली। उनकी सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद माजलगांव ग्रामीण पुलिस थाने में आरोपी महेश विष्णू सोमासे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक संदीप राठोड़ कर रहे हैं।
Created On :   5 May 2026 7:46 PM IST












