- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- बीड
- /
- शॉर्ट सर्किट से पांच दुकानों में...
Beed News: शॉर्ट सर्किट से पांच दुकानों में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक; तीन बकरियों की मौत
- डॉ. बाबासाहब आंबेडकर प्रतिमा परिसर में देर रात लगी आग, एक दुकान से शुरू होकर आसपास की दुकानों तक पहुंची
- वडापाव, फुटवेयर, कपड़ा, स्क्रैप और फ्रूट की दुकानें जलीं; करीब 19 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान
- फुटवेयर दुकान में बंधी तीन बकरियां आग की चपेट में आईं, दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद पाया काबू
Beed News बीड शहर में भारतरत्न डॉ. बाबासाहब आंबेडकर की प्रतिमा परिसर में मंगलवार देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण पांच दुकानों में भीषण आग लग गई। रात का समय होने के कारण एक दुकान से शुरू हुई आग देखते ही देखते आसपास की दुकानों तक फैल गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे में विभिन्न दुकानों का सामान जलकर खाक हो गया, जबकि एक दुकान में बंधी तीन बकरियों की भी आग में झुलसने से मौत हो गई। दुकानदारों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़े -21 गणेश पीठों में नौवां पीठ है राक्षसभुवन का विज्ञान गणेश, अहिल्याबाई होलकर ने कराया था मंदिर का जीर्णोद्धार
आग में अमीनोद्दीन अब्दुल करीम मनियार का लकी वडापाव रेस्टोरेंट, फेरोज हनीब बागवान की फुटवेयर दुकान, गोविंद ठाणे की कपड़ा दुकान, खदीर गफूर बागवान का नेशनल स्क्रैप शॉप और शहानवाज आजम बागवान की फ्रूट शॉप पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
वडापाव से लेकर स्क्रैप तक सब कुछ खाक : लकी वडापाव रेस्टोरेंट में करीब 6 लाख रुपए का सामान जलने का अनुमान है। फुटवेयर दुकान में लगभग 3 लाख रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। नेशनल स्क्रैप शॉप में करीब 4 लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। वहीं, गोविंद ठाणे की कपड़ा दुकान और शहानवाज बागवान की फ्रूट शॉप में करीब 3-3 लाख रुपए के सामान के जलने का अनुमान है।
तीन बकरियों की झुलसने से मौत : आग की चपेट में आने से फुटवेयर दुकान में बंधी तीन बकरियों की मौत हो गई। रात के समय आग तेजी से फैलने के कारण दुकानदारों को सामान और बकरियों को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका। आग से दुकानों में रखा कपड़ा, फुटवेयर, स्क्रैप, फल और अन्य सामान पूरी तरह जल गया।
दमकल की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू : घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होने का अनुमान है। नुकसान का अंतिम आकलन संबंधित विभाग की जांच के बाद स्पष्ट होगा।
Created On :   23 Sept 2026 4:43 PM IST
















