बंद मकान में सेंध: 15 तोला सोना और नकदी समेत 24 लाख 80 हजार रुपए का माल चोरी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

15 तोला सोना और नकदी समेत 24 लाख 80 हजार रुपए का माल चोरी,  सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
  • डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने की जांच
  • गौरी पूजन के लिए बाहर गया था परिवार
  • चोरों ने बंद मकान को बनाया निशाना

डिजिटल डेस्क, बीड. अंबाजोगाई शहर के नंदलाल नगर इलाके में बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 15 तोला सोने के आभूषण और नकदी समेत कुल 24 लाख 80 हजार रुपए का माल चुरा लिया। घटना के संबंध में 20 सितंबर की रात अंबाजोगाई शहर पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, नंदलाल नगर निवासी गुलाबचंद सारडा अपने परिवार के साथ गौरी पूजन के लिए बाहरगांव गए हुए थे। मकान बंद होने का फायदा उठाते हुए शनिवार तड़के अज्ञात चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश किया। इसके बाद तिजोरी में रखे सोने के आभूषण और नकदी समेत 24 लाख 80 हजार रुपए का माल लेकर फरार हो गए।

घर में चोरी की घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। नागरिकों में भी भय का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया। जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को भी बुलाया गया, लेकिन प्राथमिक जांच में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।

पुलिस अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्ध गतिविधियों के साथ ही घटना के समय क्षेत्र से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस मामले में अंबाजोगाई शहर पुलिस थाने में सोमवार को मामला दर्ज किया गया। बीड स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) और अंबाजोगाई शहर पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही है। चोरों की तलाश के लिए विभिन्न पुलिस टीमें रवाना की गई हैं

Created On :   21 Sept 2026 6:09 PM IST

Tags

Next Story