सियासी चर्चा: बीड - पुणे रेल सेवा का भव्य शुभारंभ में पंकजा और धनंजय मुंडे की गैरहाजिरी बनी चर्चा का विषय

बीड - पुणे रेल सेवा का भव्य शुभारंभ में पंकजा और धनंजय मुंडे की गैरहाजिरी बनी चर्चा का विषय
  • बीड-पुणे नई ट्रेन का रेलवे स्टेशन से भव्य शुभारंभ
  • जिले की प्रमुख नेता एवं मंत्री पंकजा मुंडे तथा परली के विधायक धनंजय मुंडे कार्यक्रम में उपस्थित नहीं थे

डिजिटल डेस्क, बीड. मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिवस के अवसर पर बीड-पुणे नई ट्रेन का रेलवे स्टेशन से भव्य शुभारंभ किया गया। राज्य की उपमुख्यमंत्री एवं बीड की पालकमंत्री सुनेत्रा पवार ने हरी झंडी दिखाकर रेल सेवा का शुभारंभ किया। लंबे समय से प्रतीक्षित रेल सेवा शुरू होने से बीडकरों में उत्साह का माहौल रहा।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिले की प्रमुख नेता एवं मंत्री पंकजा मुंडे तथा परली के विधायक धनंजय मुंडे कार्यक्रम में उपस्थित नहीं रहे। दोनों की गैरहाजिरी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई। पालकमंत्री सुनेत्रा पवार के जिले के दौरे पर होने के बावजूद दोनों नेताओं की अनुपस्थिति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

शहर की रेल परियोजना के लिए स्वर्गीय लोकनेता गोपीनाथराव मुंडे ने लंबे समय तक संघर्ष किया था। रेल सेवा के शुभारंभ के दौरान उनके योगदान का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। बीडवासियों का लंबे समय से देखा जा रहा रेल सेवा का सपना अब साकार होने पर उनके प्रयासों को भी याद किया गया।

पंकजा मुंडे और धनंजय मुंडे की अनुपस्थिति का आधिकारिक कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। ऐसे में उनकी गैरहाजिरी को लेकर राजनीतिक हलकों में विभिन्न चर्चाएं शुरू हो गई हैं। महायुति के आंतरिक राजनीतिक समीकरण या अन्य किसी कारण से दोनों नेता कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए, इसे लेकर कयास लगाए जा रहे हैं।

Created On :   17 Sept 2026 8:17 PM IST

Tags

Next Story