वायरल: दो नाबालिगों से अमानवीय मारपीट का वीडियो वायरल, कपड़े उतारकर पीटने का दावा

दो नाबालिगों से अमानवीय मारपीट का वीडियो वायरल, कपड़े उतारकर पीटने का दावा
  • निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
  • कॉलेज के पीछे दो नाबालिग बच्चों के साथ कथित तौर पर मारपीट मामला
  • कपड़े उतारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

डिजिटल डेस्क, बीड़। बार्शी रोड स्थित यशवंतराव चव्हाण पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे दो नाबालिग बच्चों के साथ कथित तौर पर मारपीट और उनके कपड़े उतारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से आक्रोश है। घटना 14 सितंबर की बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मारपीट करने वाले भी नाबालिग होने की बात सामने आ रही है।

वायरल वीडियो में एक महिला और उसके साथ मौजूद कुछ बच्चे कथित तौर पर दोनों नाबालिगों को गालियां देते हुए उनके कपड़े उतरवाकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि पेड़ों के गमले उठाने के आरोप में बच्चों के साथ यह घटना हुई। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण और वीडियो की सत्यता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मामले की तत्काल और निष्पक्ष जांच कर वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना की सत्यता की पड़ताल करने तथा दोषियों के खिलाफ बाल अधिकारों से संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई करने की मांग दलित पैंथर युवा जिलाध्यक्ष पैंथर प्रेम धर्मेंद्र कांबले ने की है।

कांबले ने कहा कि यदि बच्चों की ओर से कोई गलत कृत्य किया गया था तो उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा सकती थी या समझाइश और समुपदेशन के माध्यम से मामला सुलझाया जा सकता था। लेकिन नाबालिग बच्चों के कपड़े उतारकर उनके साथ मारपीट और अपमान करना उचित नहीं है। कॉलेज परिसर के पीछे घटना होने की बात सामने आने से मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

उन्होंने यशवंतराव चव्हाण पॉलिटेक्निक कॉलेज प्रशासन से भी मामले की जानकारी लेकर अपनी भूमिका स्पष्ट करने तथा पीड़ित बच्चों को आवश्यक संरक्षण दिलाने में सहयोग करने की मांग की है।

कांबले ने चेतावनी दी कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो पीड़ित बच्चों को न्याय दिलाने के लिए संविधान के दायरे में आंदोलन किया जाएगा।

Created On :   16 Sept 2026 5:40 PM IST

Tags

Next Story