बीड़ जिले की हलचल: माजलगांव की क्वालिटी बेकरी का लाइसेंस निलंबित, किसान की करंट लगने से मौत, दुकान का शटर तोड़ 5 लाख नकदी चोरी

  • अस्वच्छ वातावरण में खाद्य पदार्थों की हैंडलिंग, जरूरी दस्तावेज भी नहीं मिले
  • परली में दुकान का शटर तोड़कर पांच लाख की नकदी चोरी
  • नशे में ट्रक चालक ने कार को मारी टक्कर, चालक गंभीर

डिजिटल डेस्क, बीड. जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई जारी है। माजलगांव स्थित मे. क्वालिटी बेकरी के निरीक्षण में खाद्य पदार्थों की हैंडलिंग के दौरान अस्वच्छ वातावरण के साथ ही कई जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। गंभीर खामियां सामने आने के बाद प्रशासन ने बेकरी का लाइसेंस अगले आदेश तक तत्काल निलंबित कर दिया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंडे के निर्देश पर बीड जिले में विभिन्न स्थानों पर जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 9 सितंबर 2026 को माजलगांव की क्वालिटी बेकरी का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कर्मचारियों द्वारा अस्वच्छ एवं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक वातावरण में खाद्य पदार्थों की हैंडलिंग किए जाने की बात सामने आई। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था।निरीक्षण में पेस्ट कंट्रोल से संबंधित दस्तावेज, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट, खाद्य पदार्थ तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच रिपोर्ट सहित अन्य जरूरी रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिले। जांच के दौरान बेकरी से खाद्य पदार्थों के दो नमूने भी विश्लेषण के लिए लिए गए हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से संबंधित स्थिति और स्पष्ट होगी।

पोला पर्व पर चारा काटते समय किसान की करंट लगने से मौत

आष्टी तहसील के चिखली गांव में पोला पर्व के दिन गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे किसान शहाजी लक्ष्मण आवारे (44) की करंट लगने से मौत हो गई। बैलों को स्नान कराने के बाद वे खुले गोठे में मौजूद बैलों और अन्य मवेशियों के लिए चारा काट रहे थे। इसी दौरान अचानक विद्युत प्रवाह की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। आष्टी ग्रामीण अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करने के बाद दोपहर में अंतिम संस्कार किया गया। उनके पीछे पत्नी, एक बेटा, एक बेटी, भाई और भाभी सहित परिवार है।

परली में दुकान का शटर तोड़कर पांच लाख की नकदी चोरी

परली शहर के मोंढा मार्केट स्थित अजय कलेक्शन दुकान का शटर उचकाकर अज्ञात चोरों ने गल्ले में रखी करीब पांच लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना बुधवार देर रात की है। गुरुवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे व्यापारियों को शटर टूटा हुआ दिखाई दिया। अंदर जांच करने पर नकदी चोरी होने का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी। घटना से व्यापारी वर्ग में हड़कंप मच गया है।

नशे में ट्रक चालक ने कार को मारी टक्कर, चालक गंभीर

अंबाजोगाई शहर के रिंग रोड पर गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे नशे में धुत ट्रक चालक ने गलत दिशा में आकर कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अंबाजोगाई तहसील के गित्ता गांव निवासी कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना मोदी लर्निंग सेंटर के सामने मोड़ पर हुई। कार (एमएच 44 एजे 0450) भगवानबाबा चौक की ओर जा रही थी, तभी सामने से गलत दिशा में आए ट्रक (एमएच 40 सीएम 0060) ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर से कार को काफी नुकसान पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक नशे की हालत में था और उसे ठीक से चलने व बोलने में भी परेशानी हो रही थी। सूचना पर अंबाजोगाई शहर पुलिस थाने के निरीक्षक शरद जोगदंड मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Created On :   10 Sept 2026 7:38 PM IST

Tags

Next Story