बिहार बीडीओ आनंद कुमार विभूति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज, पांच ठिकानों पर छापेमारी
पटना, 8 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में दरभंगा जिले के बहादुरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आनंद कुमार विभूति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मंगलवार को उनके पांच अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया।
बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध प्रभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त सूचना के सत्यापन के बाद आनंद कुमार विभूति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
ईओयू के अनुसार, सत्यापन के दौरान आनंद कुमार विभूति के ज्ञात आय के वैध स्रोतों की तुलना में 1,71,84,000 रुपए की आय से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 121.87 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इसके बाद आर्थिक अपराध इकाई ने विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी अधिपत्र प्राप्त किया।
मंगलवार सुबह पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने बीडीओ से जुड़े पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी की कार्रवाई शुरू की। ईओयू के मुताबिक, जिन स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, उनमें पूर्वी चंपारण जिले के चिरैया थाना क्षेत्र स्थित लालबेगिया में आनंद कुमार विभूति का पैतृक आवास, पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के आशोपुर स्थित साई विहार अपार्टमेंट का फ्लैट संख्या-305, दरभंगा के बहादुरपुर स्थित उनका कार्यालय कक्ष और सरकारी आवास तथा मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के सरस्वती नगर रोड नंबर-1 स्थित निजी आवास शामिल हैं।
आर्थिक अपराध इकाई की अलग-अलग टीम इन सभी स्थानों पर दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों द्वारा तलाशी की कार्रवाई पूरी किए जाने के बाद मामले में विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की बात कही गई है। ईओयू ने कहा है कि आय से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने के मामले में सत्यापन के दौरान मिले प्रथम दृष्टया साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के संबंध में विस्तृत सूचना जारी की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Sept 2026 5:22 PM IST












