सपा सांसद अवधेश प्रसाद का बड़ा दावा, 'मायावती का रास्ता भटका, अब अखिलेश यादव पर दलितों का भरोसा'
लखनऊ, 10 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अवधेश प्रसाद ने 'वंदे मातरम' विवाद, पी. चिदंबरम के 'दिमागी नक्सल' वाले बयान और बसपा के अंदरूनी कलह पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि 'वंदे मातरम' विविधता में एकता का प्रतीक है, वहीं चिदंबरम और मायावती-आकाश आनंद का मामला व्यक्तिगत और पारिवारिक है, इसलिए उस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि दलितों का भरोसा अब अखिलेश यादव पर बढ़ा है।
'वंदे मातरम' विवाद पर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "वंदे मातरम का महत्व देश के सभी सम्मानित नागरिक समझते हैं। वंदे मातरम देश में खुशहाली का संदेश देता है। यह विविधता में एकता के सूत्र का सशक्त प्रतीक है। इसे सभी गाते हैं और मैं किसी पर टिप्पणी करना उचित नहीं समझता।"
कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम के 'दिमागी नक्सल' वाले बयान पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "सबके अपने विचार हैं और बोलने की आजादी है, इसलिए वे बोल रहे हैं।"
उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता आकाश आनंद को लेकर कहा, "यह एक पारिवारिक मामला है और व्यक्तिगत मामला है, इसलिए मैं पारिवारिक या व्यक्तिगत मामले में दखल देना या किसी भी तरह की चर्चा करना उचित नहीं समझता। किन बातों को लेकर नाराजगी है, दोनों क्या चाहते हैं, किस भाषा में वो बुलवाना चाहती थी, ये सभी व्यक्तिगत मामला है।"
उन्होंने आगे कहा कि यह जगजाहिर है कि मायावती को कांशीराम ने जो रास्ता दिखाया था, वो अब नहीं रह गया। इस बात को हमारा दल अच्छी तरह से समझ गया है। उन पर विश्वास भी कम रह गया है। अब भरोसा अखिलेश यादव को लेकर बढ़ा है।
उन्होंने 'वोट बैंक' के ट्रांसफर पर कहा कि ये तो नजर आ रहा है। 37 सांसद अखिलेश यादव के नेतृत्व में लोकसभा में बैठते हैं। अगर इधर-उधर हेरा-फेरी न हुई होती, तो हमारी संख्या 50 से ऊपर जाती। अब चर्चा है कि अवधेश प्रसाद कौन हैं? वो तो दावा करते थे कि हमने मंदिर बनवाया है, भगवान राम को लाए हैं, वो हमको लाएंगे, फिर भी भाजपा क्यों हारी? ये सवाल आज भी चर्चा में है। हमारे सम्मानित दलित भाइयों का भरोसा केवल अखिलेश यादव पर है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Sept 2026 7:52 PM IST











