Beed News: बीड में नशीली दवाओं जैसी 160 बोतलें जब्त, 28 वर्षीय युवक गिरफ्तार

  • बीड एलसीबी की पेठ थाना क्षेत्र में कार्रवाई
  • स्कूटी समेत 1.15 लाख रुपए का माल जब्त
  • एफडीए की टीम भी रही मौजूद

‌‌Beed News बीड की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने पेठ थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नशीली दवाओं जैसी 160 सीलबंद और बिना लेबल वाली बोतलें जब्त की हैं। मामले में अफताब सलीम खान पठान (28), निवासी दाऊदपुरा, पेठ, बीड को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बोतलों और स्कूटी समेत कुल 1 लाख 15 हजार रुपए का मुद्देमाल जब्त किया है।

चांदनी चौक से काला हनुमान चौक जा रहा था युवक

पुलिस को 4 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि चांदणी चौक से काला हनुमान चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर एक व्यक्ति सफेद स्कूटी के फुटरेस्ट में सफेद थैली रखकर नशीली दवाओं जैसी बोतलें बिक्री के लिए ले जाने वाला है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद एलसीबी की टीम ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त माधव जगन्नाथ निमसे के साथ मिलकर काला हनुमान चौक परिसर में जाल बिछाया।

160 बोतलें और स्कूटी बरामद

इसी दौरान एमएच-23-बीएल-4259 नंबर की सफेद एक्सेस दोपहिया पर एक व्यक्ति सफेद थैली लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। उसने अपना नाम अफताब सलीम खान पठान बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 160 प्लास्टिक की सीलबंद, बिना लेबल वाली बोतलें बरामद हुईं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा करीब 75 हजार रुपए कीमत की स्कूटी भी जब्त की गई।

एनडीपीएस समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 1 लाख 15 हजार रुपए का मुद्देमाल जब्त किया है। मामले में पेठ पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 283/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(क), 22(ब), भारतीय न्याय संहिता की धारा 328, 276 तथा औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


Created On :   5 Sept 2026 6:24 PM IST

Tags

Next Story