वारदात: पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर परिवार पर जानलेवा हमला, फायरिंग में एक घायल - तीन आरोपी गिरफ्तार

पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर परिवार पर जानलेवा हमला, फायरिंग में एक घायल - तीन आरोपी गिरफ्तार
  • तीन आरोपी गिरफ्तार, दो फरार; पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
  • आरोपी ने बंदूक से तीन बार फायरिंग की, गोली लगने से एक व्यक्ति घायल
  • पुराने विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट और धारदार हथियार से हमला

डिजिटल डेस्क, बीड. गेवराई शहर के संजय नगर इलाके में पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर एक परिवार पर सशस्त्र हमला और फायरिंग किए जाने की सनसनीखेज घटना 28 सितंबर की रात करीब 9.15 बजे सामने आई। इस घटना में गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया। मामले में 29 सितंबर को गेवराई पुलिस थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता रिजवाना शेख, निवासी संजय नगर, के घर में उनके पति और दो बेटे मौजूद थे। इसी दौरान शकुंतला शिंदे, उसके बेटे मंगेश व दीपक, बेटी हिना तथा करन रहाडे चारपहिया वाहन से वहां पहुंचे। पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू और धारदार हथियार से मारपीट शुरू कर दी।

इसी दौरान आरोपी मंगेश शिंदे ने कथित तौर पर पास रखी बंदूक से फायरिंग की। बताया गया है कि आरोपी ने तीन बार गोली चलाई। इसमें एक गोली शिकायतकर्ता के पति के पैर में लगने से वे घायल हो गए। उन्हें बचाने के लिए बीच-बचाव करने आए उनके दोनों बेटों के साथ भी मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप शिकायत में लगाया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के नागरिक मौके पर जमा हो गए। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने बीच-बचाव करने वाले लोगों को भी गोली मारने की धमकी दी।

इस मामले में गेवराई पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 0595/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 109(1), 115(2), 189, 190, 191, 351, 352, 61(2) तथा शस्त्र अधिनियम, 1959 की धारा 25, 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने मामले में शकुंतला शिंदे, हिना करण रहाडे और दीपक सुभाष शिंदे को गिरफ्तार किया है। वहीं दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक अतुलकुमार लांडगे कर रहे हैं।

Created On :   29 Sept 2026 5:44 PM IST

Tags

Next Story