Bhandara News: दस दिन की बालिका की बिक्री! , 1 आरोपी गिरफ्तार, डाक्टर सहित चार फरार

दस दिन की बालिका की बिक्री! , 1 आरोपी गिरफ्तार, डाक्टर सहित चार फरार
  • नाकाबंदी कर बच्ची को ले जा रहा वाहन पकड़ा
  • चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सूचना पर हुई कार्रवाई

Bhandara News दस दिन की नवजात बच्ची को पैसे लेकर बेचने का मामला 10 फरवरी को उजागर हुआ है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर मिली सूचना के आधार पर वरठी पुलिस और विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए 10 दिन की नवजात बच्ची की बिक्री का पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक आरोपी गोंदिया निवासी ललेश्वरी नंदकिशोर सादेपाच (39) को 8 फरवरी को हिरासत में लेकर दो दिन उससे पूछताछ की गई।

आरोपी कहीं अलर्ट न हो जाए इसलिए वरठी पुलिस से 10 फरवरी को मीडिया को यह जानकारी दी। इस मामले में लिप्त गोंदिया के एक डाक्टर समेत अन्य चार आरोपी फरार है। वरठी पुलिस आगे की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक भंडारा तहसील के पांढराबोड़ी निवासी महिला मालती प्रकाश वाघमारे (44) ने गोंदिया के एक डॉक्टर की असीस्टंट ललेश्वरी नंदकिशोर सादेपाच (39) के खाते में बड़ी राशि जमा कर उससे बच्ची लेकर आई थी। इस मामले की भनक लगते ही वरठी पुलिस ने 8 फरवरी को आरोपी ललेश्वरी नंदकिशोर सादेपाच (39) को गोंदिया से गिरफ्तार किया और हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ जारी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार चाइल्ड हेल्पलाइन को 2 फरवरी 2026 को दोपहर 12.26 बजे सूचना मिली कि, भंडारा तहसील के पांढराबोड़ी निवासी मालती प्रकाश वाघमारे (44) अपने घर 10 दिन की नवजात बच्ची लेकर आई है। सूचना मिलते ही समन्वयक लोकप्रिया देशभ्रतार और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। महिला ने बताया कि, वह बच्ची गोंदिया से लाई है। समन्वयक लोकप्रिया देशभ्रतार ने उसे आगे की जांच के लिए बाल कल्याण समिति के सामने उपस्थित होने के निर्देश दिए किंतु मालती वाघमारे उपस्थित नहीं हुई। 3 फरवरी को चाइल्ड हेल्पलाइन ने वरठी पुलिस को लिखित सूचना देकर मामले से अवगत कराया। 3 फरवरी को पुलिस जब मालती वाघमारे के घर पहुंची तो वह नवजात बच्ची को लेकर चौपहिया वाहन से फरार हो चुकी थी।

पुलिस ने कुशारी फाटा परिसर में नाकाबंदी कर वाहन पकड़ा। वाहन की तलाशी लेने पर मालती वाघमारे तो नहीं मिली किंतु गोंदिया के रामनगर निवासी पौर्णिमा सतीश धुर्वे के कब्जे में नवजात बालिका मिली। बच्ची के माता-पिता संबंधी कोई दस्तावेज पौर्णिमा धुर्वे के पास नहीं मिले। पौर्णिमा धुर्वे ने पुलिस को बताया कि बच्ची को इलाज के लिए नागपुर ले जाया जा रहा है। इसलिए उसे जाने दिया गया लेकिन अगले दिन 4 फरवरी को गोंदिया जिले में रहने वाले बच्ची के माता-पिता के साथ बाल कल्याण समिति के समक्ष उपस्थित होने के आदेश दिए। उन्होंने भी सामाजिक संस्था की मदद से नवजात बच्ची को इलाज के लिए नागपुर भेजे जाने की बात कही गई जो कि जांच में झूठ निकली।

इस मामले में पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मालती प्रकाश वाघमारे ने गोंदिया के डाक्टर की असिस्टंट आरोपी ललेश्वरी नंदकिशोर सादेपाच (39) के खाते में चेक द्वारा बड़ी राशि जमा की गई थी और इसके बदले उससे नवजात बच्ची ली गई थी। पुलिस ने आठ फरवरी को आरोपी ललेश्वरी नंदकिशोर सादेपाच (39) को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी की। उसने भी बड़ी राशि लेकर नवजात बच्ची को भंडारा तहसील के पांढराबोड़ी निवासी महिला मालती प्रकाश वाघमारे (44) बेचने की बात कबूल की। उसकी कबूली पर वरठी पुलिस ने धारा 143 (4), 137 (2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता उपधारा 80, 81 नाबालिग सुरक्षा कानून 2015 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आगे की जांच पुलिा निरीक्षक नीलेश गिरी के मार्गदर्शन में शुरू है।


Created On :   12 Feb 2026 4:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story