Bhandara News: इटियाडोह बांध से 2,764 हेक्टेयर में होगी सिंचाई लेकिन बिजली कटौती से फसलों पर संकट के बादल

इटियाडोह बांध से 2,764 हेक्टेयर में होगी सिंचाई लेकिन बिजली कटौती से फसलों पर संकट के बादल
  • 12,090 हेक्टेयर में ग्रीष्मकालीन धान की रोपाई की गई
  • फसलों की पैदावार प्रभावित होने की आशंका

Bhandara News लाखांदुर तहसील में ग्रीष्मकालीन धान की खेती को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां और रोपाई का कार्य जारी है। इस वर्ष तहसील के कुल 12,090 हेक्टेयर क्षेत्र में ग्रीष्मकालीन धान की रोपाई की गई है। किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने में इटियाडोह बांध महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जिसके माध्यम से 2,764 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की जाएगी।

तहसील का चौरास क्षेत्र कृषि के लिए विशेष रूप से जाना जाता है, जहां बड़ी संख्या में कृषि बिजली पंप मौजूद हैं। इन पंपों के जरिए हर साल ग्रीष्मकालीन धान फसलों की सिंचाई की जाती है। हालांकि, हाल के दिनों में लोडशेडिंग के कारण किसानों को सिंचाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे फसलों की बढ़वार प्रभावित होने की आशंका है। इसी समस्या को देखते हुए चौरास क्षेत्र के किसानों ने गोसीखुर्द बांध से बायीं नहर में पानी छोड़ने की मांग की थी, ताकि सिंचाई सुचारु रूप से हो सके।

दूषित पानी को लेकर बढ़ी चिंता :स्थानीय नागरिकों और किसानों के अनुसार, गोसीखुर्द बांध में जमा पानी दूषित हो गया है। कुछ किसानों का आरोप है कि बायीं नहर में छोड़ा गया पानी भी प्रदूषित है, जिससे फसलों में कीट और रोगों के प्रकोप का खतरा बढ़ सकता है। इस स्थिति ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि सिंचाई के लिए स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाए और बिजली आपूर्ति में सुधार किया जाए, ताकि ग्रीष्मकालीन धान की फसल को नुकसान से बचाया जा सके।

Created On :   21 March 2026 2:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story