भंडारा जिला: लापता युवक का सालेबर्डी (खैरी) नाले में मिला शव

लापता युवक का सालेबर्डी (खैरी) नाले में मिला शव
  • हिरासत में दो संदिग्धों को लिया
  • परिवार ने लगाया हत्या करने का आरोप

डिजिटल डेस्क, जवाहरनगर (भंडारा). दो दिन से लापता युवक का सालेबर्डी (खैरी) परिसर में शव मिला। घटना गुरुवार 30 नवंबर की दोपहर 11.45 बजे सामने आयी। युवक की प्रेम संबंधों के चलते हत्या करने का संदेह व्यक्त किया जा रहा है। जवाहरनगर पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर जिला पुलिस अधीक्षक लोहित मतानी, जवाहरनगर के थानेदार सुधीर बोरकुटे व उनकी टीम मौके पर पहंुची। मृत युवक के गले व पेट पर चोट नजर आयी। मृतक युवक का नाम पांढराबोडी ग्राम निवासी नयन मुकेश खोडपे (23) बताया जा रहा है। वह 27 नवंबर से घर से गायब था। इसे लेकर वरठी थाने में शिकायत भी दर्ज की थी। गुरुवार दोपहर लगभग 11.45 बजे सालेबर्डी (खैरी) ग्राम के उपसरपंच जितेंद्र कार्तिक गजभिए यह अपनी दोपहिया से काम के सिलसिले में कोरंभी मार्ग होते हुए भंडारा की ओर जा रहा था।

इस दौरान कोरंभी मार्ग पर पंडित नाले के पास पुल के निचे पानी में युवक का शव नजर आया। इसकी जानकारी सालेबर्डी (खैरी) के पुलिस पाटील हिरालाल पुडके व विवाद मुक्त समिति के अध्यक्ष टोमदेव तितिरमारे ने जवाहरनगर के थानेदार को दी। पुलिस ने मौके पर पहुचकर पुलिस पाटील हिरालाल पुडके, विवाद मुक्त समिति के अध्यक्ष टोमदेव तितिरमारे, उप सरपंच जितेंद्र गजभिए की सहायता से नाव से शव को बाहर निकाला। उस समय मृतक के गले में दुपट्टा मिला। गर्दन व पेट पर चोट के निशान थे। नयन मुकेश खोडपे का शव जिला अस्पताल में लाया गया। 27 नवंबर से लापता युवक की प्रेम संबधों में हत्या किए जाने का संदेह व्यक्त किया जा रहा है। घटनास्थल पर जिला पुलिस अधीक्षक लोहित मतानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे, थानेदार सुधिर बोरकुटे ने भेट दी। पुलिस हत्या के पहलु को ध्यान में रखकर भी जांच आगे बढ़ा रही है। मामले की जांच पुलिस हवालदार मंगल कुथे कर रहे है।

दो संदिग्धों को लिया हिरासत में

नयन खोडपे के शरीर पर कई चोट के कई निशान मिले हैं। उसके हाथ और पैर भी बंधे हुए मिले। इस प्रकरण में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इसमें से एक धारगांव से तथा दूसरे को भोजापुर से पकड़ा गया है। वहीं मृतक की दोपहिया यह भंडारा में तहसील कार्यालय के सामने पान टपरी के पास मिली।

परिवार ने लगाया हत्या करने का आरोप

नयन के परिवार वालों ने प्रेम संबधों के चलते हत्या होने का आरोप लगाया है। हाथ पैर बांधकर गला घोंटकर उसे नाले में फेंकने के आरोप लगाए जा रहे हैं। दो दिन पहले नयन यह घर से किसी से मिलने के लिए निकला था। तब से वह लापता था।

Created On :   1 Dec 2023 1:35 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story