MP News: आयुष्मान भारत योजना के क्लेम का जल्द होगा भुगतान, अस्पताल एम्पेनेलमेंट की कार्यवाही भी तेज

आयुष्मान भारत योजना के क्लेम का जल्द होगा भुगतान, अस्पताल एम्पेनेलमेंट की कार्यवाही भी तेज

डिजिटल डेस्क, भोपाल। आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों के क्लेम का जल्द भुगतान कर निपटारा किया जाएगा। अस्पतालों के एम्पेनेलमेंट की कार्यवाही भी तेज होगी। उप-मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शुक्रवार को भोपाल में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयुष्मान योजना के तहत एम्पेनल्ड अस्पतालों के क्लेम का भुगतान निर्धारित समय-सीमा में किया जाए।

अस्पतालों को किसी प्रकार की वित्तीय कठिनाई का सामना न करना पड़े और लाभार्थियों को उपचार में कोई बाधा न आए। उन्होंने कहा आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों के एम्पेनेलमेंट की कार्यवाही जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। शुक्ल ने कहा पात्र नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण उपचार की सुविधा मिले। जिसके लिए अधिक से अधिक योग्य स्वास्थ्य संस्थानों को योजना से जोड़ा जाए। शुक्ल ने विभाग में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय का भुगतान समय पर देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में आउटसोर्स कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में उनके भुगतान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

भुगतान प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग करने और लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। बजट की आवश्यकता होने पर प्रकरण जल्द आगे बढ़ाएं। इसके साथ ही शुक्ल ने निर्देशित किया कि पदपूर्ति की सभी कार्यवाहियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करें। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित सभी औपचारिकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराएं जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हो।

Created On :   1 Aug 2026 1:38 AM IST

Tags

Next Story