Bhopal News: गरीबों की पेंशन और बेटियों की योजनाओं पर सरकार कर रही कटौती

5 महीने से नहीं मिली सामाजिक सुरक्षा, वृद्धा, दिव्यांग और विधवा पेंशन

डिजिटल डेस्क,भोपाल। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार गरीबों, वृद्धों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील हो गई है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन और विधवा पेंशन पिछले लगभग 5 महीनों से हितग्राहियों को नहीं दी गई है।

जिनको पैसों की सबसे अधिक आवश्यकता है, उनके अधिकार का पैसा महीनों से रुका हुआ है। यह बेहद अमानवीय और संवेदनहीन है। पटवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को भी लगभग समाप्त करने की स्थिति में पहुंचा दिया है। अब एक जिले में केवल 200 कन्याओं के विवाह कराने की बात कही जा रही है।

कई जिलों में जहां 8 विधानसभा क्षेत्र हैं, वहां प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में केवल 25-25 कन्याओं के विवाह ही कराने की योजना बनाई जा रही। इस योजना का मूल उद्देश्य ही समाप्त हो जाएगा और गरीब परिवारों को मिलने वाली सहायता से वे वंचित रह जाएंगे।

उन्होंने कहा जहां एक ओर उत्तर प्रदेश में कन्यादान योजना के तहत लगभग 1 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है, वहीं मप्र में योजना को कमजोर किया जा रहा। गरीबों की पेंशन और बेटियों की योजनाओं पर सरकार कटौती कर रही। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री की हवाई जहाज यात्राओं पर प्रतिदिन लगभग 21 लाख रुपये खर्च किए जा रहे।

Created On :   16 March 2026 7:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story