- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- भोपाल स्लॉटर हाउस को लेकर ईओडब्ल्यू...
MP News: भोपाल स्लॉटर हाउस को लेकर ईओडब्ल्यू को कांग्रेस देगी साक्ष्य, जांच एजेंसी के जानकारी मांगने से कांग्रेस के सवालों की हुई पुष्टि- पटवारी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल का स्लाटर हाउस मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। जिसकी वजह है कि आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया को साक्ष्य देने के लिए बुलाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मामले में सरकार को घेरा है। पटवारी ने कहा भोपाल नगर निगम के कथित स्लॉटर हाउस और टेंडर अनियमितता मामले में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बरोलिया के उठाए गए मुद्दों ने भाजपा सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। ईओडब्ल्यू ने उन्हें बयान और साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए बुलाया गया है, तो कांग्रेस इसका स्वागत करती है और अपेक्षा करती है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होगी। जांच एजेंसी स्वयं इस मामले में जानकारी और साक्ष्य मांग रही है, यानी कांग्रेस के उठाए गए सवाल निराधार नहीं थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा वर्षों से गौमाता, सनातन धर्म और धार्मिक भावनाओं के नाम पर राजनीति करती रही है, लेकिन जवाबदेही और कार्रवाई पर भाजपा मौन हो जाती है। प्रदेश के अनेक मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि भी समय-समय पर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग कर चुके हैं, ऐसे में भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि यदि उसकी नीयत साफ है तो वह इस दिशा में पहल क्यों नहीं करती। जो धार्मिक आस्थाओं का दोहन कर राजनीति कर रहे हैं वही मौन है। स्लॉटर हाउस मामले में भाजपा का चेहरा उजागर हुआ है।
सभी हिंदूवादी, सामाजिक और धार्मिक संगठन मामले में सच्चाई सामने लाने के प्रयासों का समर्थन करें। जो लोग अब तक इस मुद्दे को उठा रहे थे, वे खुलकर सामने आएं और जांच एजेंसियों को उपलब्ध जानकारी दें। सरकार पर आरोप लगाते हुए पटवारी ने कहा कि मप्र में लगभग दो दशकों से भाजपा सत्ता में है। यदि इतने लंबे शासनकाल के बाद भी गौ संरक्षण, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं हो पाई है तो इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता अभिनव बरोलिया 9 जून को ईओडब्ल्यू के समक्ष उपस्थित होकर अपने बयान और उपलब्ध साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे। जांच के माध्यम से पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को सजा मिलेगी।
Created On :   3 Jun 2026 9:47 PM IST











