- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- एनीमिया के लिए होम्योपैथी’ के...
'एनीमिया के लिए होम्योपैथी': एनीमिया के लिए होम्योपैथी’ के द्वितीय संस्करण का विमोचन

भोपाल: एनीमिया के प्रति जनजागरूकता, बचाव, पोषण एवं समग्र स्वास्थ्य दृष्टिकोण को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वरिष्ठ होम्योपैथी चिकित्सक एवं लेखक प्रो. डॉ. अश्विनी कुमार द्विवेदी (डॉ. ए.के. द्विवेदी) द्वारा लिखित पुस्तक ‘एनीमिया के लिए होम्योपैथी’ के प्रथम संस्करण का विमोचन लगभग दो वर्ष पूर्व मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया गया था। प्रथम संस्करण को पाठकों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों का उत्साहजनक प्रतिसाद मिला और इसकी सभी प्रतियां समाप्त हो गईं। लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए पुस्तक का द्वितीय संस्करण आवश्यक संशोधनों, नवीन जानकारी एवं अतिरिक्त सामग्री के साथ प्रकाशित किया गया है। पुस्तक ‘एनीमिया के लिए होम्योपैथी’ के द्वितीय संस्करण का विमोचन नई दिल्ली में भारत सरकार के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के द्वारा गरिमामय कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने की।
इस अवसर पर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर के कुलगुरु प्रो. राकेश सिंघई, कार्यपरिषद सदस्य प्रो. डॉ. सखाराम मुजाल्दा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। डॉ. द्विवेदी के अनुसार पुस्तक में अप्लास्टिक एनीमिया, सिकल सेल रोग, थैलेसीमिया, आयरन डेफिशिएंसी एनीमिया एवं विटामिन डेफिशिएंसी एनीमिया सहित एनीमिया के प्रमुख प्रकारों के कारण, लक्षण, बचाव, पोषण एवं भारतीय खानपान से संबंधित उपयोगी जानकारी दी गई है। साथ ही होम्योपैथिक प्रबंधन के दृष्टिकोण पर भी विस्तृत सामग्री प्रस्तुत की गई है। पुस्तक को केवल चिकित्सा विषय तक सीमित न रखते हुए इसमें एनीमिया जागरूकता अभियानों, निःशुल्क स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविरों, सामाजिक सेवा गतिविधियों तथा मरीजों के अनुभवों को भी स्थान दिया गया है।
डॉ. द्विवेदी लंबे समय से एनीमिया के प्रति जनजागरूकता के लिए विभिन्न अभियानों एवं स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से कार्य कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि एनीमिया को केवल एक चिकित्सकीय समस्या के रूप में नहीं, बल्कि पोषण, जागरूकता और जनस्वास्थ्य से जुड़े व्यापक विषय के रूप में देखा जाए। उन्होंने कहा कि “एनीमिया मुक्त भारत” के लक्ष्य की दिशा में जनजागरूकता सबसे महत्वपूर्ण कदमों में से एक है और पुस्तक के माध्यम से एनीमिया से संबंधित प्रमाणिक एवं उपयोगी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। द्वितीय संस्करण का नई दिल्ली में विमोचन इस अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
Created On :   12 Aug 2026 11:58 AM IST












