मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग: MPL 2026 में उपविजेता बनी रॉयल निमाड़ ईगल्स, अब क्रिकेट के साथ शिक्षा और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की कर रही पहल

MPL 2026 में उपविजेता बनी रॉयल निमाड़ ईगल्स, अब क्रिकेट के साथ शिक्षा और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की कर रही पहल
  • खंडवा में निमाड़ क्षेत्र की 31 छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं निमाड़ क्षेत्र के 19 स्कूलों को क्रिकेट किट का वितरण; आईसेक्ट (AISECT) और डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय की संयुक्त पहल
  • खंडवा में रॉयल ईगल्स क्रिकेट अकादमी का भी होगा शुभारंभ

भोपाल। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) के पहले ही सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल निमाड़ ईगल्स ने उपविजेता का स्थान हासिल कर निमाड़ क्षेत्र को गौरवान्वित किया। आईसेक्ट इंडिया (AISECT India) और डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा की संयुक्त पहल के रूप में मैदान में उतरी रॉयल निमाड़ ईगल्स की इस उपलब्धि को अब शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं के विकास से जोड़ा जा रहा है। इस अवसर पर दिलीप सिंह तोमर, कार्यकारी अध्यक्ष, जिला क्रिकेट एसोसिएशन, खंडवा, सचिव, एवं जिमखाना क्रिकेट क्लब, खंडवा साथ ही सदानंद यादव, सचिव, जिला क्रिकेट एसोसिएशन, खंडवा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस दौरान रायल निमाड़ ईगल्स की मेन्स एवं वूमेन्स टीम के खिलाड़ी निमाड़ की जनता और खिलाड़ियों से रूबरू हुए।

इसी क्रम में खंडवा में आयोजित विशेष कार्यक्रम एवं प्रेस वार्ता में मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग 2026 के दौरान की गई सामाजिक पहलों के तहत चयनित 31 छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई तथा निमाड़ क्षेत्र के 19 स्कूलों को क्रिकेट किट वितरित की गईं। कार्यक्रम में डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा के खिलाड़ी एशियन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर आने पर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन करने एवं खंडवा शहर के खेल प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

हर 100 रन पर बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहन

आईसेक्ट इंडिया के आईसेक्ट ग्रुप आफ यूनिवर्सिटीज (एजीयू) द्वारा मध्य प्रदेश लीग 2026 के दौरान विशेष पहल की गई थी, जिसके तहत MPL में किसी भी टीम द्वारा प्रत्येक 100 रन बनाए जाने पर मध्य प्रदेश की छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान करने का संकल्प लिया गया था। इसका उद्देश्य क्रिकेट के मंच को बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण से जोड़ना था।

इस पहल के अंतर्गत मध्यप्रदेश से चयनित 191 छात्राओं को विभिन्न कार्यक्रमों के अंतर्गत आईसेक्ट ग्रुप का यूनिवर्सिटीज की तरफ से छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसी तारतम्य में खंडवा में डॉ सी सी रमन विश्वविद्यालय द्वारा निमाड़ क्षेत्र की 31 छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। यह पहल खेल की लोकप्रियता को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए बेटियों की उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

आईसेक्ट के चेयरमैन एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के चांसलर श्री संतोष चौबे ने कहा, “हमारे लिए क्रिकेट केवल मैदान पर जीत-हार का विषय नहीं है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम भी बन सकता है। MPL के दौरान 100 रन पर छात्राओं की शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति की पहल इसी सोच का हिस्सा है। हमारा प्रयास है कि खेल से मिलने वाली ऊर्जा और लोकप्रियता का लाभ शिक्षा एवं समाज के उन वर्गों तक पहुंचे, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है।”

निमाड़ में ग्रासरूट क्रिकेट को मजबूत करने की पहल

रॉयल निमाड़ ईगल्स की ओर से MPL के दौरान यह संकल्प लिया गया था कि टीम द्वारा प्रत्येक मैच में बनाए गए प्रत्येक 100 रन पर निमाड़ क्षेत्र के स्कूलों को क्रिकेट किट वितरित की जाएगी।

इसके तहत कार्यक्रम में निमाड़ क्षेत्र के विभिन्न 19 स्कूलों को क्रिकेट किट प्रदान की गईं। इसका उद्देश्य बच्चों और युवा खिलाड़ियों को बेहतर खेल संसाधन उपलब्ध कराना तथा निमाड़ में जमीनी स्तर पर क्रिकेट संस्कृति को मजबूत करना है।

आईसेक्ट इंडिया के कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा, “रॉयल निमाड़ ईगल्स की शुरुआत केवल एक क्रिकेट टीम के रूप में नहीं हुई थी। इसके पीछे निमाड़ की प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें अवसर देने और खेल को क्षेत्र के सामाजिक विकास से जोड़ने की सोच थी। क्रिकेट किट वितरण की पहल के माध्यम से हमारा प्रयास है कि स्कूलों और स्थानीय अकादमियों तक आवश्यक संसाधन पहुंचें। साथ ही छात्रवृत्ति के माध्यम से हम बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य इन पहलों को आने वाले समय में और व्यापक बनाना है।”

एशियन चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान

कार्यक्रम में डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा के तीन खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीतकर खंडवा सहित विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। उनकी उपलब्धि को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया।

कुलगुरु डॉ. अरुण जोशी ने कहा, “एशियन चैंपियनशिप में हमारे विद्यार्थियों की उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि निमाड़ क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें सही प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर देने की है। रॉयल निमाड़ ईगल्स और खेल विकास से जुड़ी ये पहलें इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।”

25 खेल प्रशिक्षकों का सम्मान

कार्यक्रम में निमाड़ क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे 25 खेल प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इन प्रशिक्षकों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा गया कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे प्रशिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जमीनी स्तर पर खेल को मजबूत करने में इन प्रशिक्षकों का योगदान आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए आधार तैयार करता है।

कुलसचिव डॉ. रवि चतुर्वेदी ने कहा, “खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में प्रशिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। निमाड़ के 25 खेल प्रशिक्षकों का सम्मान उनके योगदान को पहचान देने के साथ-साथ क्षेत्र में खेल प्रशिक्षण को और प्रोत्साहित करने का प्रयास है। विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ खेल और विद्यार्थियों के समग्र विकास को भी समान महत्व देता है।”

खंडवा में शुरू होगी रॉयल ईगल्स क्रिकेट अकादमी

निमाड़ में क्रिकेट प्रतिभाओं को नियमित और आधुनिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रॉयल ईगल्स क्रिकेट अकादमी का शुभारंभ भी खंडवा में किया जा रहा है। अकादमी के माध्यम से उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को संरचित प्रशिक्षण, कोचिंग और बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

रॉयल निमाड़ ईगल्स के हेड कोच संजय पांडे ने कहा, “निमाड़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। रॉयल ईगल्स क्रिकेट अकादमी के माध्यम से हमारा प्रयास रहेगा कि बच्चों को शुरुआती स्तर से ही सही तकनीक, अनुशासन और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का प्रशिक्षण मिले। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में मदद मिलेगी।”

रॉयल निमाड़ ईगल्स के क्रिकेट डायरेक्टर जी. सतीश कुमार ने कहा, “रॉयल निमाड़ ईगल्स का विजन MPL तक सीमित नहीं है। हम निमाड़ में एक मजबूत क्रिकेट इकोसिस्टम विकसित करना चाहते हैं। अकादमी, स्कूलों में किट वितरण और प्रतिभा पहचान कार्यक्रम इसी व्यापक विजन का हिस्सा हैं। हमारा लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में निमाड़ से अधिक से अधिक खिलाड़ी उच्च स्तर की क्रिकेट में अपनी पहचान बनाएं।”

MPL में शानदार रहा रॉयल निमाड़ ईगल्स का सफर

निमाड़ क्षेत्र की क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से तैयार की गई रॉयल निमाड़ ईगल्स ने अपने पहले ही MPL सीजन में फाइनल तक पहुंचकर उपविजेता का स्थान हासिल किया। टीम के प्रदर्शन ने निमाड़ में क्रिकेट के प्रति उत्साह को बढ़ाने के साथ क्षेत्र की प्रतिभाओं के लिए बड़े मंच पर आगे बढ़ने की संभावनाओं को भी मजबूत किया है।

रॉयल निमाड़ ईगल्स की उपलब्धि के साथ छात्रवृत्ति, क्रिकेट किट वितरण, खेल प्रशिक्षकों का सम्मान, एशियन चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान और रॉयल ईगल्स क्रिकेट अकादमी की शुरुआत—ये सभी पहल क्रिकेट को शिक्षा, प्रतिभा विकास और सामाजिक परिवर्तन से जोड़ने की व्यापक सोच को आगे बढ़ा रही हैं।

Created On :   18 Aug 2026 12:25 PM IST

Tags

Next Story