MP News: रतलाम में सराफा व्यापारी से लूट के 6 आरोपी गिरफ्तार, 5 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद

रतलाम में सराफा व्यापारी से लूट के 6 आरोपी गिरफ्तार, 5 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। रतलाम पुलिस ने सराफा व्यापारी से हुई करोड़ों रुपये की लूट की वारदात का महज 48 घंटे में पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण सहित लगभग 5 करोड़ 50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस के मुताबिक घटना 13 अगस्त की रात थाना बिलपांक क्षेत्र के हनुमान चौकी, उमरथाना फंटा की है। फरियादी अर्पित चोरड़िया व्यापारिक कार्य से बड़नगर गया था।

व्यापारियों को सोने के आभूषणों की बिक्री करने के बाद वह रात बस से रतलाम के लिए रवाना हुआ। रात में बस के हनुमान चौकी, उमरथाना फंटा क्षेत्र में पहुंचने पर बड़नगर से बस में सवार दो व्यक्ति फरियादी के पास पहुंचे और उसका बैग छीनने का प्रयास किया। आरोपियों ने विरोध करने पर फरियादी के साथ मारपीट की और बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नगदी एवं आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बिलपांक में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस टीमों ने करीब 300 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मैदानी स्तर पर प्राप्त जानकारी को आपस में जोड़ते हुए पुलिस टीम संदिग्ध आरोपियों तक पहुंची। जांच के दौरान 15 अगस्त को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि घटना में शामिल आरोपी हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद हैं। लूट का सामान भी उनके पास है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीमों ने तत्काल क्षेत्र में घेराबंदी कर 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया।

पूछताछ करने पर आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए सोने के 238 नग जेवरात, वजन 4.167 किलोग्राम, चांदी के 183 नग जेवरात, वजन 4.047 किलोग्राम, कुल 421 नग सोने-चांदी के आभूषण, वजन 8.214 किलोग्राम सहित लगभग 5 करोड़ 50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ के साथ अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जांच की जा रही।

Created On :   18 Aug 2026 12:56 AM IST

Tags

Next Story