MP News: विदिशा में 49 एकड़ में बनेगा देश का मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र, लाइव लेबोरेटरी जैसी होगी सुविधाएं

विदिशा में 49 एकड़ में बनेगा देश का मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र, लाइव लेबोरेटरी जैसी होगी सुविधाएं

डिजिटल डेस्क, भोपाल। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को विदिशा के बेरखेड़ी जट्टू में 49 एकड़ में आधुनिक कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) का भूमि पूजन किया। प्रस्तावित केवीके देश का मॉडल होगा, जहां इसी खरीफ सीजन से प्रदर्शन प्लॉटों पर आधुनिक तरीके से खेती शुरू होगी। चौहान ने कहा कि बिल्डिंग का इंतजार किए बिना खेत पर काम तुरंत शुरू होगा। किसान को आंखों से दिखाकर सिखाया जाएगा, सिर्फ सुनाकर नहीं। इस केवीके से आईसीएआर के 113 संस्थानों और 1700 से अधिक केवीके संस्थानों के नेटवर्क की रिसर्च सीधे विदिशा-अंचल के किसानों तक मोबाइल, डेमो और प्रशिक्षण के जरिए पहुंचाई जाएगी।

चौहान ने कहा कि जमीनें बंट–बंटकर छोटी हो गई हैं, लेकिन ढाई एकड़ (एक हेक्टेयर) में भी अगर इंटीग्रेटेड फार्मिंग ठीक से की जाए तो पूरे परिवार की आजीविका आराम से चल सकती है। इसके लिए विदिशा, रायसेन, सीहोर और देवास जिलों की मिट्टी, पानी और संसाधनों का वैज्ञानिक विश्लेषण करके फसल पद्धति का रोडमैप तैयार किया गया है, जिसकी ट्रेनिंग इसी केवीके से दी जाएगी। खेत में मॉडल फार्म बना कर दिखाया जाएगा कि एक ही टुकड़े में अनाज, दलहन, तिलहन, बागवानी, पशुपालन, मछली–पालन, मधुमक्खी–पालन और मशरूम को जोड़कर कैसे अधिकतम लाभ लिया जा सकता है।

केवीके बनेगा फसल का अस्पताल

चौहान ने घोषणा की कि विदिशा के इस मॉडल केवीके में एग्री क्लीनिक यानी फसल का अस्पताल बनाया जाएगा, जहाँ किसान पौधा, पत्ता या मिट्टी का नमूना लेकर आएँगे और वैज्ञानिक बीमारी पहचानकर तुरंत उपचार बताएंगे। 155261 जैसे भारत विस्तार-किसान सारथी नंबर और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए किसानों को फोन पर भी सलाह दी जाएगी। एक मोबाइल ऐप के जरिए खेत में घूमते-घूमते ही पता चल सकेगा कि मिट्टी में कौन से पोषक तत्व हैं और कितना डीएपी-यूरिया डालना है।

Created On :   15 Jun 2026 11:57 PM IST

Tags

Next Story