- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- शिवराज ने कहा - कपास उत्पादन बढ़ाने...
विशेष जोर: शिवराज ने कहा - कपास उत्पादन बढ़ाने के लिए मिशन मोड में चले मुहिम, दलहन आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य

New Delhi News. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को यहां एक उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को कपास उत्पादन बढ़ाने के लिए मिशन मोड में मुहिम चलाने का निर्देश दिया। साथ ही संभावित अल नीनो परिस्थितियों के बीच उन्होंने दलहन में आत्मनिर्भरता और कम बारिश वाले जिलों के लिए अग्रिम कंटिंजेंसी प्लान पर विशेष जोर दिया।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कृषि भवन में एक उच्चस्तरीय साप्ताहिक कृषि समीक्षा बैठक में खरीफ 2026 के लिए देशभर की तैयारियों की गहन समीक्षा की। बैठक में अल नीनो की संभावित स्थिति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे जिलों की स्पष्ट पहचान कर राज्य सरकारों के साथ मिलकर फसलवार कंटिंजेंसी प्लान तैयार किए जाएं, ताकि किसी भी मौसमीय चुनौती की स्थिति में किसानों को तुरंत विकल्प, सलाह और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
शिवराज ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जिन 9-10 राज्यों में अल नीनो का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक पड़ सकता है, वहां के चिन्हित जिलों के जिला अधिकारियों, कृषि विभाग, केवीके और अन्य विस्तार तंत्र के साथ समन्वित बैठकें आयोजित की जाएं। बैठक में दलहन आत्मनिर्भरता मिशन पर भी विस्तृत चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सरकार का प्रयास है कि अरहर, उड़द, मूंग जैसी दालों में देश अधिक से अधिक आत्मनिर्भर बने और आयात पर निर्भरता कम हो। इसके लिए राज्यों के साथ मिलकर फसल चक्र, क्षेत्र विस्तार, बेहतर बीज उपलब्धता और तकनीकी मार्गदर्शन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसान सुरक्षित आय के साथ दलहन उत्पादन बढ़ा सकें।
Created On :   16 Jun 2026 6:44 PM IST












