- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- अब शासकीय सेवकों में सेवा भाव की...
MP News: अब शासकीय सेवकों में सेवा भाव की संस्कृति आत्मसात करायी जायेगी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राज्य सरकार अब सभी शासकीय सेवकों में लोक सेवा की संस्कृति आत्मसात करायेगी तथा उनमें लोक केन्द्रित प्रशासन की अवधारणा को विकसित करेगी। इसके लिये राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत आने वाली आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी भोपाल के महानिदेशक सचिन सिन्हा ने सभी विभाग एवं कार्यालय प्रमुखों को परिपत्र जारी किया है। परिपत्र में कहा गया है कि लोक सेवा की संस्कृति विकसित करने के लिये व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा जिसे ‘‘कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम’’ नाम दिया गया है। इसके तहत पहले संभागों एवं जिलों के चुनिन्दा व्यक्तियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा जो बाद में अपने क्षेत्र में जाकर मैदानी अमले को यह प्रशिक्षण देंगे।
इस प्रशिक्षण कार्य का उद्देश्य होगा : नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण में सुधार करना। शासन प्रणालियों में जवाबदेही और सहयोग को बढ़ावा देना। अधिकारियों को सार्वजनिक सेवा के उद्देश्य से पुन: जोड़ना। कार्य में सार्थकता खोजना। इस गतिविधि की समय सीमा इस प्रकार रहेगी : पहले चरण में सितम्बर 2026 तक मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण। दूसरे चरण में अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक प्रशिक्षण नेटवर्क विस्तार। तीसरे चरण में दिसम्बर 2027 तक प्राथमिक क्षेत्रों (पुलिस, शिक्षक एवं स्वारस्थ्यकर्मियों) का प्रशिक्षण पूर्ण करना। चौथे चरण में दिसम्बर 2028 तक राज्य के सभी अधिकारियों का सार्वभौमिक कवरेज।
Created On :   18 Jun 2026 10:02 PM IST












