Bhopal News: भोपाल के VVIP एरिया चार इमली में स्पेशल DG के बंगले के पास पूर्व मंत्री विश्नोई के बंगले में चोरी

भोपाल के VVIP एरिया चार इमली में स्पेशल DG के बंगले के पास पूर्व मंत्री विश्नोई के बंगले में चोरी
मंत्रियों, मुख्य सचिव-सचिव, डीजीपी सहित कई आला अफसरों के निवास वाले क्षेत्र में चोरों ने लगाई सेंध

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल के सबसे सुरक्षित और प्रदेश के मंत्री, मुख्य सचिव-सचिव, डीजीपी सहित प्रदेश स्तर के आला अफसरों के निवास क्षेत्र वाले चार इमली क्षेत्र में बदमाशों ने पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के बंगले में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। अजय विश्नोई का सरकारी बंगला (डी-11/3) के पास ही स्पेशल डीजी अजय शर्मा का भी निवास है। चार इमली में प्रदेश के लगभग 100 आईएएस-आईपीएस-मंत्री समेत 200 से आवास है, इस लिहाज से इसे हाई-सिक्योरिटी जोन माना जाता है। पूर्व मंत्री व विधायक अजय विश्नोई के सूने बंगले के ताले तोड़कर सुरक्षा तंत्र को भी चुनौती दे दी। चोरों ने दरवाजों के ताले तोड़े और जिनके ताले नहीं टूटे, उनके कुंदे उखाड़ दिए। चोरों ने बंगले से नल की टोटियों अन्य सामान चुराया।

घटना रविवार दोपहर की है। चोरी की भनक आसपास मौजूद सिक्योरिटी को नहीं लगी। जबलपुर की पाटन सीट से विधायक अजय विश्नोई चार इमली निवास पर में आना-जाना कम होता है। बंगला ज्यादातर सूना रहता है। रविवार को जब विश्नोई भोपाल पहुंचे, तो उन्होंने बंगले के मुख्य दरवाजों के ताले और कुंदे टूटे पाए। घटना के बाद उन्होंने तत्काल विधानसभा सचिवालय को सूचित किया, जिसके बाद हबीबगंज पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया।

इसी क्षेत्र में कुछ दिन पहले भी एक अधिकारी के सूने आवास को निशाना बनाया था। लगातार हो रही इन वारदातों ने पूरे पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। गौरतलब है कि इसी हाई-प्रोफाइल इलाके में पिछले साल 23 सितंबर को आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष पत्नी के साथ घुमने निकले थे, तब बाइक सवार लुटेरे उनका मोबाइल फोन झपटकर भाग गए थे। हालांकि पुलिस ने दो दिन बाद आरोपियों को पकड़ लिया था। हबीबगंज पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी।

Created On :   10 Aug 2026 9:32 PM IST

Tags

Next Story