- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- चंद्रपुर में भाजपा के लखानी और...
Chandrapur News: चंद्रपुर में भाजपा के लखानी और कांग्रेस के अग्रवाल ने भरा नामांकन
Chandrapur News वर्धा-चंद्रपुर-गड़चिरोली स्थानीय प्राधिकारी मतदाता संघ के विधान परिषद चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि पर राजनीतिक गतिविधियां चरम पर रहीं। महाविकास आघाड़ी के अधिकृत कांग्रेस उम्मीदवार शैलेश अग्रवाल ने चार नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि महायुति समर्थित भाजपा उम्मीदवार अरुण लखानी ने तीन नामांकन दाखिल किए। इसके अलावा सुधीर कोठारी ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन भरकर चुनावी मुकाबले में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। अंतिम दिन तक कुल आठ नामांकन दाखिल हुए। जिलाधिकारी एवं निर्वाचन अधिकारी वसुमना पंत के समक्ष उम्मीदवारों ने अपने नामांकन प्रस्तुत किए। इस दौरान दोनों प्रमुख गठबंधनों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए बड़ी संख्या में पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी दर्ज कराई। बता दें कि, 2 जून यानी आज नामांकन की छंटनी होगी और 4 जून नामांकन वापसी का दिन है।
महायुति का जोरदार प्रदर्शन : भाजपा उम्मीदवार अरुण लखानी के नामांकन के दौरान महायुति के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। राज्यमंत्री एवं चुनाव प्रभारी पंकज भोयर, पालकमंत्री डॉ. अशोक उईके, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. उपेंद्र कोटेकर, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री हंसराज अहिर, विधायक कीर्तिकुमार भांगडिया, विधायक किशोर जोरगेवार, विधायक देवराव भोंगले, विधायक करण देवतले, विधायक मिलिंद नरोटे, विधायक श्रीकांत भारती, पूर्व सांसद अशोक नेते, पूर्व सांसद रामदास तड़स सहित बड़ी संख्या में नेता उपस्थित थे। नामांकन से पूर्व आयोजित बैठक में नेताओं ने महायुति की जीत का दावा किया। सर्वप्रथम अरुण लखानी ने माता महाकाली मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर विधायक किशोर जोरगेवार ने उन्हें महाकाली माता की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया।
महाविकास आघाड़ी ने भी दिखाई एकजुटता : कांग्रेस उम्मीदवार शैलेश अग्रवाल के नामांकन के बाद महाविकास आघाड़ी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के मतदाताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार, सांसद प्रतिभा धानोरकर, पूर्व मंत्री रणजीत कांबले, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुभाष धोटे, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) जिलाध्यक्ष संदीप गिर्हे, राकांपा (शरद पवार) जिलाध्यक्ष राजेंद्र वैद्य तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष शिवा राव पोलशेट्टी सहित कई नेता उपस्थित थे। नेताओं ने राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों, स्थानीय निकायों के मुद्दों और आगामी चुनाव में एकजुट होकर जीत हासिल करने का संकल्प व्यक्त किया।
Created On :   2 Jun 2026 2:44 PM IST

















