Chandrapur News: चंद्रपुर में होटल के पास जाल बिछाकर पुलिस ने कार सहित लाखों की एमडी पकड़ी

चंद्रपुर में होटल के पास जाल बिछाकर पुलिस ने कार सहित लाखों की एमडी पकड़ी
नशे के कारोबार के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान

Chandrapur News नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्थानीय अपराध शाखा ने क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 168.94 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स और एक कार जब्त की है। इस मामले में नागपुर के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कुल 14 लाख 11 हजार रुपए का माल जब्त किया है। यह कार्रवाई 2-3 जून की रात 12.35 बजे की है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुकड़ोजी चौक नागपुर निवासी अब्दुल सिराज अब्दुल गफ्फार (40) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध धंधों, मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 2 जून को स्थानीय अपराध शाखा की टीम चंद्रपुर शहर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि नागपुर से भद्रावती में बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स लाई जा रही है।

सूचना के आधार पर थानेदार अमोल काचोरे के नेतृत्व में नागपुर-भद्रावती मार्ग पर स्थित जमघट होटल के पास जाल बिछाया गया। मध्यरात्रि करीब 12.35 बजे संदिग्ध होंडा अमेज कार क्रं. एमएच-49 एफ 1569 वहां पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को घेरकर चालक को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान आरोपी से 168.94 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख 50 हजार रुपए है, बरामद की गई। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त होंडा अमेज कार भी जब्त कर ली गई। इस मामले में भद्रावती पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


Created On :   4 Jun 2026 2:46 PM IST

Tags

Next Story