Chandrapur News: गरीबों के खातों में करोड़ों का खेल, चंद्रपुर में फैल रहा ‘म्यूल अकाउंट’ नेटवर्क

गरीबों के खातों में करोड़ों का खेल, चंद्रपुर में फैल रहा ‘म्यूल अकाउंट’ नेटवर्क
  • गवराला गांव में ही 50 से ज्यादा खाते साइबर अपराध के लिए इस्तेमाल होने का खुलासा
  • लोन और पैसों का लालच देकर खाते, सिम व एटीएम कार्ड अपने कब्जे में लेते हैं अपराधी
  • सैकड़ों खातों से करोड़ों का लेन-देन; जयपुर तक पहुंची चंद्रपुर पुलिस की जांच

Chandrapur News साइबर अपराधियों ने गरीबों, मजदूरों और कॉलेज विद्यार्थियों के बैंक खातों को ही अपराध का जरिया बना लिया है। चंद्रपुर जिले की भद्रावती तहसील में ‘म्यूल अकाउंट’ का नेटवर्क तेजी से फैलने का मामला सामने आया है। भद्रावती के समीप गवराला गांव में ही 50 से अधिक बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध के लिए किए जाने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है। वहीं, भद्रावती तहसील में 200 से अधिक ऐसे खातों के सक्रिय होने का पुलिस को संदेह है। इससे पूरे जिले में भी ऐसे कई और खाते होने की आशंका जताई जा रही है।

साइबर अपराधी दिल्ली, जयपुर सहित अन्य स्थानों से ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब, मजदूर और कॉलेज युवाओं को निशाना बनाते हैं। उन्हें बैंक में खाता खुलवाने के बदले लोन दिलाने या कुछ पैसे देने का लालच दिया जाता है। इसके बाद संबंधित व्यक्ति से बैंक खाते की जानकारी के साथ मोबाइल सिम और एटीएम कार्ड भी अपने कब्जे में ले लिए जाते हैं। इन खातों के जरिए साइबर अपराध से जुड़ी रकम का बड़े पैमाने पर लेन-देन किया जाता है।

एक गिरफ्तारी से सामने आया नेटवर्क

पिछले महीने गवराला में चाय की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद म्यूल अकाउंट के इस नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच आगे बढ़ी तो अकेले एक गांव में ही 50 से अधिक ऐसे बैंक खाते सामने आए। पुलिस के अनुसार, भद्रावती तहसील में ऐसे 200 से अधिक खाते होने का संदेह है।

जांच में यह भी सामने आया है कि सैकड़ों खातों के जरिए करोड़ों रुपए का लेन-देन किया गया है। रोजाना लाखों रुपए का व्यवहार होता है। कई बार महज एक-दो घंटे में सैकड़ों खातों के माध्यम से रकम इधर-उधर किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

इंस्टाग्राम-वाट्सऐप से लोगों को फंसाते हैं

साइबर अपराधी इंस्टाग्राम और वाट्सऐप के जरिए लोगों से संपर्क कर उन्हें अपने जाल में फंसाते हैं। म्यूल अकाउंट से जुड़े मामले भद्रावती और बल्लारपुर थानों में दर्ज किए गए हैं। वहीं, एटीएम कार्ड से जुड़े मामले चंद्रपुर शहर और ब्रह्मपुरी में दर्ज हैं।

मामला सामने आने के बाद चंद्रपुर पुलिस की एक टीम आरोपियों की तलाश में जयपुर भी गई है। साइबर पुलिस ने जिन बैंक खातों के म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल होने की जानकारी मिली है, उन बैंकों को पत्र भेजकर खातों की जानकारी मांगी है। कुछ संदिग्ध खाते फ्रीज भी किए गए हैं। इसके बावजूद म्यूल अकाउंट का नेटवर्क तेजी से बढ़ना साइबर पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Created On :   9 Sept 2026 1:38 PM IST

Tags

Next Story