Chandrapur News: मोरवा एयरपोर्ट को मिलेगी नई उड़ान, चंद्रपुर के विकास को लगेंगे पंख

मोरवा एयरपोर्ट को मिलेगी नई उड़ान, चंद्रपुर के विकास को लगेंगे पंख
पूर्व मंत्री विधायक मुनगंटीवार ने किए थेे प्रयास

Chandrapur News चंद्रपुर जिले के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण मोरवा हवाई अड्डे के विस्तार और आधुनिकीकरण के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी (एमएडीसी) के प्रबंध निदेशक दीपक कपूर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री के इस निर्णय से परियोजना को नई गति मिलने की उम्मीद है, जिससे जिले के औद्योगिक, पर्यटन और आर्थिक विकास को बल मिलेगा। बता दें कि, राज्य के पूर्व मंत्री तथा विधायक सुधीर मुनगंटीवार की पहल से यह बड़ी सफलता मिली है। वर्तमान में चंद्रपुर हवाई अड्डे का रनवे लगभग 900 मीटर लंबा है, जो केवल छोटे विमानों के संचालन के लिए उपयुक्त माना जाता है। नियमित हवाई सेवाएं शुरू करने के लिए रनवे विस्तार, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के मानकों के अनुरूप सुविधाओं का निर्माण तथा अन्य आधारभूत ढांचे का विकास आवश्यक है। इसी उद्देश्य से एयरपोर्ट विस्तार और आधुनिकीकरण की योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। विधायक मुनगंटीवार ने मुख्यमंत्री के निर्णय का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि मोरवा हवाई अड्डे का विस्तार चंद्रपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि इससे उद्योगों को गति मिलेगी, निवेश आकर्षित होगा, पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। गौरतलब है कि चंद्रपुर जिला खनिज संपदा, ऊर्जा उत्पादन, सीमेंट एवं इस्पात उद्योग तथा वन संपदा के कारण राज्य के महत्वपूर्ण जिलों में शामिल है। वहीं ताड़ोबा-अंधारी व्याघ्र परियोजना के कारण यह देश-विदेश के पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण केंद्र बन चुका है। इसके बावजूद वर्तमान हवाई सुविधाएं बढ़ती आवश्यकताओं की तुलना में अपर्याप्त हैं, जिससे विकास की गति प्रभावित हो रही है। लेकिन मुख्यमंत्री फडणवीस की सकारात्मक भूमिका से परियोजना का मार्ग और अधिक सुगम होने की उम्मीद है। इससे चंद्रपुर का देश के प्रमुख शहरों से हवाई संपर्क भी मजबूत होगा।


Created On :   17 Jun 2026 3:53 PM IST

Tags

Next Story