Chhindwara news: प्रसूता की मौत...पीएम न कराने की बात पर अड़े परिजन

प्रसूता की मौत...पीएम न कराने की बात पर अड़े परिजन

डिजिटल न्यूज़ छिंदवाड़ा

बिछुआ के ग्राम चिवड़ी से एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डिलेवरी के बाद महिला की हालत बिगड़ गई थी। चिकित्सकों ने उसे आईसीयू में शिफ्ट कराया था। इलाज के बाद गुरुवार सुबह महिला ने दम तोड़ दिया था। इधर मृतका के परिजन पोस्टमार्टम न कराने की जिद पर अड़े थे। पुलिस ने घंटों की समझाइश देकर परिजनों का पीएम कराने के लिए राजी किया। दोपहर बाद पीएम कर शव परिजनों को सौंपा गया।

अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि ग्राम चिवड़ी निवासी 20 वर्षीय सुशीला पति प्रदीप वन काे 14 सितम्बर को गायनिक वार्ड में भर्ती कराया गया था। उसी दिन प्रसव के बाद सुशीला की हालत बिगड़ गई थी। डॉक्टर्स ने सुशीला को आईसीयू में शिफ्ट कराया था। तीन दिनों तक चले इलाज के बाद गुरुवार सुबह सुशीला ने दम तोड़ दिया। मृतका के परिजन पोस्टमार्टम न कराने पर अड़े थे। पुलिस ने समझाइश देकर परिजनों को पीएम के लिए राजी किया। दरअसल मृतका नवविवाहिता थी, नियम के तहत उसका पीएम कराना जरुरी था। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।

गर्भवती महिलाओं की नहीं हो रही एएनसी जांच-

बताया जा रहा है कि सुशीला ब्लड की कमी, ब्लड प्रेशर और पैरों में सूजन की समस्या से जूझ रही थी। इस वजह से डिलेवरी के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई थी। इसके पहले चिकित्सकों की टीम ने खापाभाट की जिस गर्भवती महिला की जान बचाई थी, उसकी भी नियमित एएनसी जांच नहीं हुई थी। इन दोनों प्रकरणों से स्पष्ट है कि गर्भवती महिला की एएनसी जांच नियमित रूप से नहीं हो रही है। जांच में लापरवाही का खामियाजा गर्भवती को प्रसव के दौरान भुगतना पड़ता है।

Created On :   18 Sept 2026 12:49 PM IST

Tags

Next Story