सावधानी जरूरी: फोटो खिंचवाने चट्टानों तक पहुंचे और बढ़ गया जल स्तर, 150 फीट गहरी खाई में फंसे नागपुर के 4 युवक, डेढ़ घंटे के रेस्क्यू में SDRF ने बचाई जान

फोटो खिंचवाने चट्टानों तक पहुंचे और बढ़ गया जल स्तर, 150 फीट गहरी खाई में फंसे नागपुर के 4 युवक, डेढ़ घंटे के रेस्क्यू में SDRF ने बचाई जान
  • रस्सियों के सहारे एक-एक कर निकाला बाहर
  • मानसून में जलप्रपातों पर विशेष सावधानी जरूरी
  • फोटो खिंचवाने चट्टानों तक पहुंचे थे युवक, अचानक बढ़ा जलस्तर

डिजिटल डेस्क, नागपुर/छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में रविवार को बड़ा हादसा टल गया। मोहखेड़ थाना क्षेत्र के कुकड़ीखापा जलप्रपात घूमने पहुंचे नागपुर के चार युवक अचानक बढ़े जलस्तर के कारण तेज बहाव के बीच चट्टानों पर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे चले जोखिम भरे रेस्क्यू ऑपरेशन में जवानों ने 150 फीट गहरी खाई में उतरकर चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।जानकारी के अनुसार नागपुर निवासी श्याम बोरकर (25), अथर्व ओके (22), मनीष उइके (25) और सतीश बावने (23) रविवार को कुकड़ीखापा जलप्रपात घूमने गए थे। झरने का नजारा देखने और फोटो खिंचवाने के लिए चारों चट्टानों के बीच तक पहुंच गए। इसी दौरान ऊपरी क्षेत्र में तेज बारिश होने से अचानक जलस्तर बढ़ गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण चारों युवक चट्टान पर फंस गए।


घटना का वीडियो सामने आने के बाद उमरानाला चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्टेट कमांड सेंटर से सूचना मिलने के बाद डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट स्नेहलता पाठ्या के निर्देश पर एसडीआरएफ टीम को रवाना किया गया। कंपनी कमांडर गणेश कुमार धुर्वे के नेतृत्व में जवान राजा मर्सकोले, स्पर्श यादव, प्रवीण धुर्वे, सुमित शर्मा, दीपेंद्र बरकडे, अजय धुर्वे और सचिन विश्वकर्मा आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

रस्सियों के सहारे 150 फीट नीचे उतरे जवान

  • कंपनी कमांडर गणेश कुमार धुर्वे के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे घटना की सूचना मिली थी। लगभग सवा 2 बजे एसडीआरएफ टीम रवाना हुई और करीब एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद 3 से सवा 3 बजे के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
  • जवानों ने रस्सियों के सहारे करीब 150 फीट गहरी खाई में उतरकर युवकों तक पहुंच बनाई। टीम अपने साथ लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय और अन्य सुरक्षा उपकरण लेकर पहुंची थी। सबसे पहले युवकों को सुरक्षा उपकरण पहनाए गए। इसके बाद जवानों ने रस्सियों की मदद से चारों को बारी-बारी से सुरक्षित ऊपर निकाला।
  • युवकों को बाहर निकालने के बाद उन्हें नदी किनारे मौजूद घुमावदार और कठिन रास्ते से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस ऑपरेशन में एसडीआरएफ जवानों ने जोखिम उठाकर चारों युवकों की जान बचाई। युवकों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद उनके परिजनों और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।

मानसून में जलप्रपातों पर विशेष सावधानी जरूरी

प्रशासन ने मानसून के दौरान जलप्रपातों, नदियों और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने वाले पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बारिश के दौरान ऊपरी क्षेत्रों में जलस्तर अचानक बढ़ सकता है और कुछ ही मिनटों में पानी का बहाव खतरनाक रूप ले सकता है। ऐसे में पर्यटकों को चट्टानों, गहरे पानी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Created On :   14 Sept 2026 5:23 PM IST

Tags

Next Story