शर्त: त्योहारों में घरेलू सिलेंडर के इस्तेमाल पर रोक, कमर्शियल गैस सिलेंडर जरूरी, गैस एजेंसियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश

त्योहारों में घरेलू सिलेंडर के इस्तेमाल पर रोक, कमर्शियल गैस सिलेंडर जरूरी, गैस एजेंसियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश
  • ब्लैक मार्केटिंग और अवैध भंडारण रोकने गैस एजेंसियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश
  • आयोजन की अनुमति में कमर्शियल सिलेंडर की शर्त

डिजिटल डेस्क, नागपुर। गणेशोत्सव सहित आगामी त्योहारों के दौरान सार्वजनिक आयोजनों में भोजन बनाने के लिए घरेलू एलपीजी सिलेंडर के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए खाद्यान्न वितरण कार्यालय ने बैठक आयोजित की। बैठक में सार्वजनिक स्थानों पर होने वाले महाप्रसाद और अन्य आयोजनों में कमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल अनिवार्य करने पर जोर दिया गया।

बैठक में खाद्यान्न वितरण अधिकारी एस. गेडाम, वितरण अधिकारी पंकज जलेकर, एलपीजी नोडल ऑफिसर व जोनल ऑफिसर शसागर बावरे, आपूर्ति निरीक्षक विनोद वागदे, वैभव खैरकर, शिल्पा दरेकर, प्रदीप भावे सहित गैस कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

आयोजन की अनुमति में कमर्शियल सिलेंडर की शर्त

गणेशोत्सव के साथ त्योहारों का मौसम शुरू हो जाता है। इस दौरान शहर में विभिन्न स्थानों पर महाप्रसाद और सामूहिक भोजन के आयोजन किए जाते हैं। सार्वजनिक आयोजनों में भोजन पकाने के लिए घरेलू सिलेंडर के बजाय कमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए सार्वजनिक उत्सवों की अनुमति में कमर्शियल गैस सिलेंडर के इस्तेमाल की शर्त शामिल की गई है।

ओटीपी के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायतों पर ध्यान

बैठक में ओटीपी मिलने के बावजूद सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होने की शिकायतों पर भी चर्चा की गई। गैस सिलेंडर बुक करने के बाद उपभोक्ता को ओटीपी प्राप्त होता है और डिलीवरी के समय यह ओटीपी डिलीवरी कर्मचारी को साझा करने के बाद ही सिलेंडर दिया जाता है। खाद्यान्न वितरण अधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों को उपभोक्ताओं को समय पर और नियमों के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

ब्लैक मार्केटिंग पर नियमित निरीक्षण

घरेलू गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग रोकने के साथ ही अनधिकृत भंडारण और गैरकानूनी बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए गैस कंपनियों को अपने स्तर पर नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कंज्यूमर विजिलेंस वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से दिए गए सुझावों पर भी चर्चा की गई।

Created On :   13 Sept 2026 8:27 PM IST

Tags

Next Story