वारदातें: किराना दुकानों में चोरी का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार - शटर टेढ़ाकर चोरी की वारदातों को दिया था अंजाम, हिरासत में नाबालिग

किराना दुकानों में चोरी का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार - शटर टेढ़ाकर चोरी की वारदातों को दिया था अंजाम, हिरासत में नाबालिग
  • क्राइम ब्रांच यूनिट-3 की कार्रवाई, 1,150 रुपए नकद बरामद
  • शटर टेढ़ाकर चोरी की वारदातों को दिया था अंजाम
  • एक बालक हिरासत में, सदर क्षेत्र के दो मामले उजागर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने सदर थाना क्षेत्र में किराना दुकानों के शटर टेढ़ाकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक विधि संघर्षग्रस्त बालक को भी हिरासत में लिया है। कार्रवाई में सदर क्षेत्र में हुई चोरी की दो वारदातों का खुलासा हुआ है। आरोपियों के कब्जे से 1,150 रुपए नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 31 जुलाई की रात 10 बजे से 1 अगस्त की सुबह 3 बजे के बीच गड्डीगोदाम स्थित गोल बाजार की साईकृपा ट्रेडर्स किराना दुकान का शटर टेढ़ाकर अज्ञात चोर अंदर दाखिल हुआ था। चोर ने दुकान के काउंटर से 10 हजार रुपए नकद चुरा लिए थे।

इसी तरह 14 अगस्त की रात 9.30 बजे से 15 अगस्त की सुबह 6.30 बजे के बीच गड्डीगोदाम, गोल बाजार स्थित श्री गणेश किराना भंडार का शटर उचकाकर चोर दुकान में दाखिल हुआ। यहां से 5 हजार रुपए नकद, 3 किलो हरी इलायची, 5 किलो काजू और 3 किलो बादाम, कुल करीब 27 हजार रुपए का माल चोरी किया गया था।

दोनों मामलों में दुकान मालिकों की शिकायत पर सदर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(अ) और 331(4) के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने दोनों मामलों की समानांतर जांच शुरू की।

तकनीकी जांच और पुलिस को मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर टीम ने पियुष उर्फ डीजे नितेश सोनटक्के (19), निवासी विनोबा भावे नगर, यशोधरानगर और वृत्तांत दीपक द्रविडकर (21), निवासी विनोबा भावे नगर, यशोधरानगर को गिरफ्तार किया। इनके साथ एक विधि संघर्षग्रस्त बालक को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों और विधि संघर्षग्रस्त बालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,150 रुपए नकद जब्त किए हैं। इसके बाद आरोपियों और विधि संघर्षग्रस्त बालक को आगे की कार्रवाई के लिए सदर पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामले में फरार अन्य साथियों की तलाश जारी है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त (क्राइम) राजेंद्र दाभाड़े, डीसीपी (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल तथा एसीपी (क्राइम ब्रांच) वैभव जाधव के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक अतुल मोहनकर और उनकी टीम ने की।

Created On :   13 Sept 2026 5:47 PM IST

Tags

Next Story