ओवरटेक और हादसा: महानगरपालिका के पानी टैंकर ने बाइक सवार को कुचला - चालक की मौत, टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया

महानगरपालिका के पानी टैंकर ने बाइक सवार को कुचला - चालक की मौत, टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया
  • बुलेट को ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
  • 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कपिलनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से पानी का टैंकर चलाकर बाइक को टक्कर मारने की घटना में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा 12 सितंबर को दोपहर करीब 12.30 बजे सुगतनगर स्थित स्पर्श चाइल्ड हॉस्पिटल की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, स्वप्निल उर्फ आकाश पुरुषोत्तम चिंचखेड़े (35), निवासी अंगुलीमाल नगर, कपिलनगर, अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट (एमएच-40/एयू-4787) से जा रहे थे। इसी दौरान महानगरपालिका के पानी के टैंकर क्रमांक एमएच-49/सी-4665 का चालक शैलेष अनिल गजभिये (24), निवासी म्हाडा कॉलोनी, नारी रोड, नागपुर, टैंकर तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था।

बताया गया कि टैंकर चालक बुलेट को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसने बुलेट को टक्कर मार दी। हादसे में स्वप्निल गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उपचार के लिए मेयो अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई हर्षल पुरुषोत्तम चिंचखेड़े (40) की शिकायत पर कपिलनगर पुलिस ने टैंकर चालक शैलेष गजभिये के खिलाफ धारा 106(1) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 184 मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Created On :   13 Sept 2026 5:19 PM IST

Tags

Next Story