बारिश में भी नहीं रुके नागपुरवासी, गडकरी के जनसंपर्क में उमड़ी भीड़, मौके पर ही अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश

बारिश में भी नहीं रुके नागपुरवासी, गडकरी के जनसंपर्क में उमड़ी भीड़, मौके पर ही अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश
  • कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
  • मौके पर ही अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में रविवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के बावजूद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के जनसंपर्क कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। कोई अपनी समस्याओं और मांगों का ज्ञापन लेकर पहुंचा तो किसी ने काम पूरा होने पर आभार जताया। वहीं, विभिन्न गणेश मंडलों के पदाधिकारियों ने गडकरी से मुलाकात कर उन्हें गणेशोत्सव की शुभकामनाएं दीं और मंडल में आने का निमंत्रण भी दिया।

महाल स्थित गडकरी वाड़े पर सुबह से ही नागरिकों की भीड़ जुटने लगी थी। गडकरी के रविवार सुबह दो पूर्व निर्धारित कार्यक्रम थे। इसके बाद उन्हें जनसंपर्क कार्यक्रम में शामिल होना था। हालांकि, बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में लोगों को अपनी समस्याओं के साथ पहुंचते देख उन्होंने पहले नागरिकों से मुलाकात करने का निर्णय लिया।

मौके पर ही अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश

गडकरी ने नागपुर के अलग-अलग हिस्सों से आए नागरिकों की शिकायतें और ज्ञापन सुने। नागरिकों को अधिक देर तक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को पत्र देकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। जनसंपर्क के दौरान सड़क, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं नागरिकों ने उनके सामने रखीं। गडकरी ने प्रत्येक मामले को समझते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में नागपुर महानगरपालिका, नागपुर सुधार प्रन्यास, जिलाधिकारी कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन, सेतु कार्यालय, महावितरण, दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र और सीआरसी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। गडकरी ने विभागवार ज्ञापनों पर अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई करने और नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने को कहा। इस दौरान कई नागरिकों ने गडकरी के सहयोग से उनके काम पूरे होने पर उनका आभार भी जताया। वहीं, विभिन्न गणेश मंडलों के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर गणेशोत्सव की शुभकामनाएं दीं और उत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

Created On :   13 Sept 2026 6:15 PM IST

Tags

Next Story